नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज आर.जी. इंटर कॉलेज में युवा उत्सव (यूथ फेस्ट) के अंतर्गत रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के 16 विद्यालयों/कॉलेजों के कक्षा 8, 9 एवं 11 के कुल 74 छात्र-छात्राओं (37 टीम) ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ आर.जी. इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती अंजू रानी एवं एसएसके नोडल अधिकारी डॉ. रविन्द्र गोयल ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में दिशा क्लस्टर मेरठ के सीपीएम सचिन कुमार, सीएसओ डॉ. कुलदीप कुमार, डीएमडीओ बृजेश कुमार शर्मा सहित अन्य शिक्षकगण एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के परिणाम:
प्रतियोगिता में डी.एन. इंटर कॉलेज के कक्षा-11 के छात्र भानु चौधरी एवं अरीब मुनीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एन.ए.एस. इंटर कॉलेज के कक्षा-9 के फहीम एवं कार्तिकेय ने द्वितीय स्थान तथा जी.जी.आई.सी., हापुड़ रोड की कक्षा-11 की छात्रा जीनत एवं इंशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं गौतम इंटर कॉलेज की कक्षा-11 की वंदना एवं कंचन को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
विजेताओं को क्रमशः प्रथम पुरस्कार के रूप में 2,500 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 2,000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 1,500 रुपये तथा सांत्वना पुरस्कार के रूप में 500 रुपये की धनराशि प्रदान की गई। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन अमृता चौधरी द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में संपूर्ण सुरक्षा केंद्र के प्रबंधक वीरेन्द्र सिंह, ओआरडब्ल्यू दीपांकर, टीआई (एनजीओ) ग्रामीण विकास संस्थान, जे.एन. बाल निकुंज, वन स्टॉप सेंटर की टीम तथा सेंटर मैनेजर अमन सिंह एवं मोहम्मद इरफान अली का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों ने युवाओं से एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक रहने, सुरक्षित व्यवहार अपनाने और समाज में सही जानकारी फैलाकर भ्रांतियों को दूर करने की अपील की।

No comments:
Post a Comment