Breaking

Your Ads Here

Sunday, July 26, 2026

जर्जर बिजली का खंभा दे रहा बड़े हादसे को न्योता, व्यापारियों में आक्रोश

 


रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़नगर के मुख्य बाजार मोहल्ला खजूरी दरवाजा में एक पुराना बिजली का खंभा बेहद खस्ता हालत में खड़ा है। खंभा कभी भी गिर सकता है और किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।


स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस संबंध में संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारियों द्वारा कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई है, लेकिन बिजली विभाग की घोर लापरवाही के चलते आज तक खंभा नहीं बदला गया है। व्यापारियों ने बताया कि यह मुख्य बाजार का सबसे व्यस्त रास्ता है। यहां दिन भर आवागमन तेज रहता है। समय-समय पर इसी बाजार से दर्जनों शोभा यात्राएं निकलती हैं और शादी-विवाह के सीजन में बाजार में भारी भीड़ रहती है। ऐसे में यह जर्जर खंभा लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है। शिकायतों के बाद भी कार्रवाई न होने से परेशान होकर व्यापारी अनिल कोरी, अश्वनी गर्ग, गौरव गर्ग उर्फ पोपट, सचिन अग्रवाल, नरेश अग्रवाल आदि ने जिलाधिकारी मेरठ से शीघ्र ही खंभा बदलवाने की मांग की है, ताकि नगर वासियों को इस समस्या से निजात मिल सके।


गौरतलब है कि 3 दिन पूर्व ही बिजली विभाग की लापरवाही के चलते जगन्नाथ यात्रा के दौरान करंट लगने से एक युवक सचिन की दर्दनाक मौत हो गई थी और दो दर्जन से अधिक महिला-पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद मौके पर जिलाधिकारी मेरठ, एसएसपी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एसपी देहात ने घटनास्थल का दौरा कर बिजली व्यवस्था को सुचारू रूप से दुरुस्त करने की बात कही थी, लेकिन उसके बाद भी जर्जर खंभों की अनदेखी की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here