• पति ने दिया वारदात को अंजाम, घटना के बाद आरोपी ने खुद
को भी किया जख्मी
मोहम्मद अली चौहान
नित्य संदेश, सरूरपुर। थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में पहचान बना चुकी निशा चौहान (43) की उसके ही पति प्रदीप चौहान (45) ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। इस खौफनाक घटना के बाद आरोपी पति ने खुद पर भी कई वार कर आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के वक्त घर के अंदर मौजूद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो अंदर का मंजर देखकर सभी सन्न रह गए। फर्श पर खून से लथपथ पड़ी निशा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही थी, लेकिन कुछ ही पलों में उसने दम तोड़ दिया। पूरा घर खून से सना हुआ था और हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल था।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर
पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप
है कि प्रदीप गुस्से में आकर निशा को बेडरूम से घसीटकर हॉल में लाया और उस पर चाकू
से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। उसने पहले निशा की कलाई काटी, फिर छाती और गर्दन
पर कई गहरे वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इतना ही नहीं, वारदात को अंजाम
देने के बाद आरोपी ऊपर कमरे में चला गया और वहां खुद को भी चाकू से घायल कर लिया। पुलिस
का मानना है कि उसने आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन समय रहते उसे अस्पताल पहुंचा
दिया गया। घटना के समय घर में मौजूद तीनों बच्चे देव (17 वर्ष), अलीक्स (14 वर्ष) और
बेटी किट्टू (10 वर्ष) इस पूरे मंजर के गवाह बने। मां पर हो रहे हमले को देखकर बच्चे
चीखते-चिल्लाते हुए बाहर भागे और पड़ोसियों को बुलाया। बीच-बचाव करने की कोशिश में
बड़ा बेटा देव भी घायल हो गया। बच्चों की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। उन्होंने
अपनी आंखों के सामने मां को तड़पते हुए खो दिया, जिससे वे गहरे सदमे में हैं। स्थानीय
लोगों के अनुसार, बच्चे लगातार रोते रहे और मदद की गुहार लगाते रहे, जिससे पूरे मोहल्ले
में हड़कंप मच गया।
प्लॉट विवाद और पड़ोसी एंगल से उलझी गुत्थी
पड़ोसियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि निशा ने हाल ही
में एक प्लॉट खरीदा था। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से प्लॉट के बैनामे को लेकर विवाद
चल रहा था। इसी को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। इसके अलावा गली में गेट
लगाने को लेकर पड़ोसी विकास से भी तनातनी चल रही थी। बताया गया कि निशा इस विवाद को
लेकर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर रही थी, जिससे मामला और तूल पकड़ रहा था। घटना के
बाद बड़े बेटे देव ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी विकास ने उसके पिता को उकसाया, जिसके
बाद यह वारदात हुई। हालांकि पुलिस ने अभी इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है
और हर पहलू को जांच के दायरे में रखा गया है।
सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच शुरू कर दी। टीम ने मौके से खून के नमूने, हत्या में प्रयुक्त चाकू और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर खंगाला जा रहा है, ताकि घटना से जुड़े हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके। पुलिस आस-पास के लोगों से पूछताछ भी कर रही है और घटना के हर एंगल की जांच में जुटी हुई है।

.jpg)
.jpg)
No comments:
Post a Comment