Breaking

Your Ads Here

Thursday, July 30, 2026

महारानी पुष्पमाला राजे पवार शासकीय कन्या महाविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव


"गुरु पूर्णिमा का पर्व हमें वर्ष भर ऊर्जा प्रदान करता है।" — अमित राव पवार


नित्य संदेश, देवास। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर महारानी पुष्पमाला राजे पवार शासकीय कन्या महाविद्यालय, देवास में शासन के निर्देशानुसार गुरु पूर्णिमा महोत्सव हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि युवा लेखक एवं इतिहासकार श्री अमित राव पवार तथा विशिष्ट अतिथि श्री अशोक सोमानी थे।


कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं महर्षि सांदीपनि के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। सरस्वती वंदना डॉ.अनुपमा तिवारी द्वारा प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात महाविद्यालय की छात्राओं ने पुष्प अर्पित कर समस्त प्राध्यापकों एवं स्टाफ का स्वागत किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.डी. सोनी ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा आत्मावलोकन का श्रेष्ठ अवसर है। उन्होंने कहा कि वास्तविक ज्ञान की प्राप्ति के लिए गुरु का सान्निध्य आवश्यक है। गुरु स्वयं प्रकाशित होकर हमारे जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति के भीतर शिष्यत्व की भावना सदैव जीवित रहनी चाहिए।

मुख्य अतिथि श्री अमित राव पवार ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व हमें पूरे वर्ष सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। गुरु के मार्गदर्शन से ही ईश्वर तक पहुँचने का सामर्थ्य प्राप्त होता है तथा गुरु के वचनों का अनुसरण सदैव सकारात्मक परिणाम देता है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में चार गुरु अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं—माता, पिता, शिक्षक तथा आध्यात्मिक गुरु। गुरु पूर्णिमा का यह पावन दिवस आदिगुरु महर्षि वेदव्यास को समर्पित है।


विशिष्ट अतिथि श्री अशोक सोमानी ने कहा कि भारत की गुरु-शिष्य परंपरा ने विश्व में भारतीय संस्कृति को गौरवान्वित किया है। गुरु ही ज्ञान, चरित्र एवं सामर्थ्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने छात्राओं से अपने गुरुजनों के प्रति आजीवन सम्मान एवं आभार की भावना बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन और राष्ट्रभक्ति ही गुरु के प्रति सच्ची श्रद्धा है।


जनभागीदारी समिति प्रभारी डॉ. अनीता भाना ने गुरु सांदीपनि के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन की कठिन परिस्थितियों में गुरु ही उचित मार्गदर्शन प्रदान करते हैं तथा हमारी सफलता पर सबसे अधिक प्रसन्न होते हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं यशस्वी यादव, कहकशा अंसारी एवं अलीशा खान ने कविता के माध्यम से गुरु महिमा पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर डॉ. शर्मिला काटे द्वारा गुरु वंदना प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम का संचालन भी डॉ. शर्मिला काटे ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं। अंत में सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन किया गया। कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों, प्राध्यापकों, स्टाफ सदस्यों एवं छात्राओं द्वारा वृक्षारोपण किया गया। साथ ही "सांदीपनि अलंकरण समारोह–2026" के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी महाविद्यालय परिवार द्वारा देखा गया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here