नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के महिला अध्ययन केन्द्र द्वारा मदन मोहन मालवीय विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं कैंसर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की स्वप्न परियोजना "आनंदी माँ – एक जीवन बचाओ अभियान" तथा "स्वस्थ नारी, स्वस्थ परिवार" की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से राजभवन, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला अध्ययन केन्द्र की ओर से की गई, जबकि इसका संचालन प्रो. बिंदु शर्मा के मार्गदर्शन एवं डॉ. वैशाली पाटिल के समन्वयन में संपन्न हुआ। शिविर में चरक स्कूल ऑफ फार्मेसी, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने स्कूली छात्र-छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों एवं बचाव के उपायों के विषय में सरल एवं वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की। छात्रों ने विशेष रूप से महिलाओं में होने वाले कैंसर, विशेषकर सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता और समय पर जांच एवं एचपीवी (HPV) टीकाकरण के महत्व पर जोर दिया।
जागरूकता सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। शिविर में कुल 110 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें लंबाई, वजन, रक्तचाप (बीपी), हीमोग्लोबिन सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की प्रधानाचार्या शर्मिष्ठा भाटी तथा अंजू मलिक का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर बताया गया कि "आनंदी माँ – एक जीवन बचाओ अभियान" के अंतर्गत आगामी दिनों में विश्वविद्यालय परिसर एवं विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, कैंसर जागरूकता कार्यक्रम, एचपीवी टीकाकरण शिविर तथा "मातृशक्ति सम्मान" समारोह जैसे अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।

No comments:
Post a Comment