नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। भारतीय योग संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय प्रकाश लाल की 17वीं पुण्यतिथि को "स्मृति दिवस" के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सरधना रोड, कंकरखेड़ा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज केंद्र पर किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांतीय प्रधान रविंद्र सिंह चौहान एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन और संस्थापक प्रकाश लाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रधान सुनील राघव ने किया। सरस्वती वंदना संजुला राघव व सीमा तोमर ने प्रस्तुत की। इस अवसर पर आर्य नगर केंद्र से उषा वर्मा के नेतृत्व में प्रकाश लाल जी के जीवन पर आधारित योग गीत प्रस्तुत किया गया, जिसमें अनीता दहिया, दीपा सेठी और निर्मला ने उनका साथ दिया। स्मृति दिवस पर भारतीय योग संस्थान के कंकरखेड़ा क्षेत्र के सभी निशुल्क योग केंद्रों के पदाधिकारियों एवं साधकों ने योगाभ्यास किया। जिसमें ताड़ासन, अर्ध चक्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, वक्रासन, धनुरासन, शवासन आदि आसनों तथा अनुलोम-विलोम, चंद्रभेदी, कपालभाति, भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया और उनके लाभ भी बताए गए।
अपने संबोधन में प्रांतीय प्रधान रविंद्र सिंह चौहान ने कहा कि "जियो और जीवन दो" के सिद्धांत पर चलकर योग को जन-जन तक पहुंचाने वाले प्रकाश लाल जी ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने अपनी अथक मेहनत और दृढ़ विश्वास से भारतीय संस्कृति की धरोहर योग को घर-घर तक पहुंचाया। कार्यक्रम के अंत में अंजू रेहान, बबीता राघव और अनीता दहिया ने प्रार्थना एवं शांति पाठ कराया। सभी साधकों ने संस्थापक जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर जिला मंत्री विपिन कुमार चौहान, जिला संगठन मंत्री ब्रजपाल मास्टर जी, जिला मीडिया प्रभारी यशपाल शर्मा जांगिड़, क्षेत्रीय प्रधान शंभू दयाल वर्मा, क्षेत्रीय प्रधान विनय सोम, क्षेत्रीय मंत्री श्रीमती अंजू रेहान, क्षेत्रीय मंत्री संजुला राघव, विपुल मित्तल, शिवकुमार, केपी मलिक, राकेश शर्मा, नीतू सिंह, शोभा गुसाईं, ललित शर्मा, पुष्पा गोदियाल सहित सैकड़ों साधक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment