Breaking

Your Ads Here

Friday, July 31, 2026

नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान के तहत 2 अगस्त को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में होंगे विभिन्न कार्यक्रम

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अगस्त को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के लिए देशभर के 125 विश्वविद्यालयों का चयन किया गया है, जिसमें चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को भी शामिल किया गया है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं सशक्त जीवन के लिए प्रेरित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर 2 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के युवाओं के नाम संबोधन दिया जाएगा। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिसे विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी सामूहिक रूप से सुनेंगे। अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय में 2 अगस्त को प्रातः 7:00 बजे से विभिन्न जागरूकता, आध्यात्मिक, खेल, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत भजन-कीर्तन, सत्संग एवं आध्यात्मिक संवाद, सामूहिक प्रार्थना/हवन, ध्यान एवं योग, नशा मुक्ति के संदेश के साथ वॉकाथॉन, मैराथन/रन, साइकिल रैली, फिटनेस प्रदर्शन एवं विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही संकल्प एवं हस्ताक्षर अभियान, वॉल ऑफ कमिटमेंट, जागरूकता सामग्री का वितरण, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा मानव श्रृंखला जैसी गतिविधियां भी होंगी।

सामुदायिक सहभागिता के तहत स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर एवं सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। नशे की लत से मुक्त होकर समाज में सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करने वाले व्यक्तियों तथा नशा मुक्ति अभियान से जुड़े स्थानीय स्वयंसेवकों को सम्मानित करने की गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।

अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटक, नृत्य, संगीत, चित्रकला एवं स्लोगन लेखन जैसी सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का मुख्य संदेश रहेगा—नशे से दूरी, स्वस्थ जीवन और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी।

शुक्रवार को कार्यवाहक कुलपति प्रोफेसर हरे कृष्ण की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई तथा प्रत्येक कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अलग-अलग संयोजकों की नियुक्ति की गई। कार्यवाहक कुलपति ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं संयोजकों को कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने युवाओं से अपील की कि वे “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” के संकल्प के साथ अभियान में सक्रिय रूप से सहभागी बनें और स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here