नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। कनोहर स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन श्री राम सरस्वती शिशु मंदिर निकट रामलीला ग्राउंड, दिल्ली रोड पर किया गया। सर्वप्रथम स्वयंसेविकाओं ने शिविर स्थल पर पहुंच कर वहां की साफ- सफाई तथा बैठने की व्यवस्था की। तत्पश्चात स्वयंसेविकाओं ने लक्ष्य गीत प्रार्थना इत्यादि की।
शिविर के उद्घाटन समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो० (डा०) किरण प्रदीप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। सर्वप्रथम कार्यक्रम अधिकारी डा० पूजा राय के द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य एवं उद्देश्य के बारे में चर्चा की गई तथा इस सात दिवसीय विशेष शिविर की प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी भी दी गई, इसके साथ ही बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना छात्राओं में सामुदायिक सेवा के माध्यम से व्यक्तित्व और चरित्र विकसित कर रही है। यह 'शिक्षा के माध्यम से सेवा' के सिद्धांत पर काम करती है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को सामाजिक समस्याओं के समाधान, राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करना है। मुख्य अतिथि प्राचार्या प्रो० (डा०) किरण प्रदीप ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) के माध्यम से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की कुंजी है। यह तकनीक, सॉफ्ट स्किल्स और व्यावहारिक ज्ञान प्रदान कर युवाओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी आजीविका कमाने में सक्षम बनाता है। अपने स्किल को बढ़ावा दीजिए साथ ही साथ जिस भी क्षेत्र में आपको रुचि हो उसे और मजबूत बनाये जिससे कि भविष्य में आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने नए-नए स्किल सीखने पर भी जोर दिया। छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अभी इस शिविर में वह जो सीखेंगी, वह उनके आगामी जीवन में बहुत सहयोग देगा। साथ ही उत्तरदायित्व एवं सेवा की भावना से कार्य करने के लिए सभी स्वयंसेविकाओं को प्रेरित किया।
महाविद्यालय की पुस्तकालय विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ. राखी त्यागी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें कहा कि यह विशेष शिविर एक अच्छा अवसर है जिसके माध्यम से वह समाज सेवा में अपना योगदान दे सकती हैं तथा साथ ही साथ स्वयं के व्यक्तित्व को भी विकसित कर सकती हैं। शिविर के अंतिम सत्र में सड़क सुरक्षा विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें स्वयं सेविकाओं ने सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए पोस्टर बनाएं।
शिविर के प्रथम दिन माही, तनु, सविता, स्नेहा, सोफिया, लाएबा, खुशी सहित 50 स्वयंसेविकाओं ने भाग लिया। शिविर का संयोजन एवं संचालन कार्यक्रम अधिकारी डा० पूजा राय के द्वारा किया गया।* इसके सफल आयोजन में संजीव माहेश्वरी तथा सुरेश चंद्र प्रजापति का विशेष सहयोग रहा।

No comments:
Post a Comment