
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेरठ सोनिका वर्मा द्वारा आज राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर, मेरठ तथा जिला कारागार मेरठ का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने कारागार एवं सम्प्रेक्षण गृह में निरुद्ध बंदियों और किशोरों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला कारागार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों से उनकी समस्याओं एवं विधिक सहायता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता की स्थिति की भी समीक्षा की गई तथा पात्र बंदियों को नियमानुसार निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) के निरीक्षण के दौरान किशोरों को उपलब्ध सुविधाओं, भोजन, चिकित्सा, शिक्षा, आवासीय व्यवस्था एवं स्वच्छता का निरीक्षण किया गया। किशोरों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरुद्ध बंदियों एवं किशोरों के अधिकारों तथा उन्हें प्रदान की जाने वाली सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न होने पाए तथा शासन एवं विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्धारित मानकों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
No comments:
Post a Comment