खबर प्रकाशित होने के बाद पत्रकार को चौकी बुलाने और कथित धमकी का मामला
वसीम अहमद
नित्य संदेश, किठौर। जनहित से जुड़ी खबर प्रकाशित करने के बाद पत्रकार को कथित रूप से झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दिए जाने के मामले में उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के पदाधिकारियों ने सीओ किठौर सौम्या अस्थाना से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने पत्रकार की सुरक्षा के साथ ही पूरे मामले में पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
उपज जिलाध्यक्ष अजय चौधरी ने बताया कि संगठन के सदस्य एवं ‘पश्चिम पुकार’ के रिपोर्टर अब्दुल कादिर ने बीते 14 अगस्त को वायरल मोबाइल रिकॉर्डिंग के आधार पर पशुओं को कथित रूप से जहर देकर मारे जाने से संबंधित खबर प्रकाशित की थी। आरोप है कि इसके अगले दिन संबंधित व्यक्ति ने पत्रकार के खिलाफ चौकी ललियाना में शिकायत दी, जिसके बाद पत्रकार को चौकी बुलाया गया और कथित रूप से ‘फर्जी पत्रकार’ बताते हुए मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। मामले को लेकर उपज ने सवाल उठाया कि शिकायतकर्ता की तहरीर पर कार्रवाई से पहले पत्रकार को किस आधार पर चौकी बुलाया गया और क्या दोनों पक्षों की बात समान रूप से सुनी गई। संगठन ने पत्रकार के खिलाफ शिकायत, चौकी में हुई बातचीत तथा धमकी के आरोपों की जांच कराने की मांग की है।
उपज ने यह भी कहा कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी द्वारा पत्रकार पर दबाव बनाने अथवा किसी पक्ष को अनुचित संरक्षण देने की बात सामने आती है तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। जिलाध्यक्ष अजय चौधरी ने कहा कि खबर पर आपत्ति होने पर कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा सकती है, लेकिन पत्रकार को दबाव में लेना उचित नहीं है। इस दौरान जयवीर त्यागी, ताज मोहम्मद, रवि गौतम, गौरव सैनी, शाहरुख चौधरी, रिजवान अहमद, इमामुद्दीन खान, गयूर अली, फैजान चौधरी, शाहिद अली सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment