मोहम्मद अली चौहान
नित्य संदेश, सरूरपुर। क्षेत्र के नगर पंचायत हर्रा, खिवाई, करनावल समेत ग्रामीण क्षेत्र के पाँचली, मैंनापुट्ठी, जसड़, गोटका, भूनी, जैनपुर, खेड़ी सहीत सभी गाँवों तथा थाना परिसर सरूरपुर में शनिवार को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रध्वज फहराकर देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन किया।
नगर पंचायत हर्रा कार्यालय, प्राथमिक विद्यालय तथा चौधरी बशीर खां डिग्री व इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रमों में नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर मौहम्मद अली ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता की रक्षा का संकल्प लिया। विद्यालयों और नगर पंचायत कार्यालय में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शहीदों की कुर्बानी और स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित नाटकों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। कुंवर मौहम्मद अली ने कहा, आजादी हमारे वीर शहीदों के बलिदान की देन है। हमें उनके सपनों का भारत बनाने के लिए विकास, शिक्षा, स्वच्छता और आपसी भाईचारे को मजबूत करना होगा।
नगर पंचायत करनावल में अध्यक्ष लोकेंद्र कुमार ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से देशहित में कार्य करने और राष्ट्र की तरक्की में योगदान देने की अपील की। नगर पंचायत खिवाई में चेयरपर्सन पुत्र प्यार मौहम्मद ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर देशभक्ति का संदेश दिया। शमशाद प्रधान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ देश के प्रति जिम्मेदारियों का भी एहसास कराता है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ देश की तरक्की में योगदान देना चाहिए।
हर्रा की अधिशासी अधिकारी नीति गुप्ता ने कहा, स्वतंत्रता दिवस हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। नगर पंचायत क्षेत्र के विकास के साथ स्वच्छता और जनसेवा को प्राथमिकता देना हमारा संकल्प है।
खिवाई के अधिशासी अधिकारी हरि नारायण सिंह ने कहा, आजादी के पर्व पर हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करना चाहिए। नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और थाना परिसर में तिरंगा फहराया गया। बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। जगह-जगह मिठाई वितरित की गई और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
No comments:
Post a Comment