नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में आज 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, देशभक्ति और उमंग के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ० गोपाल दीक्षित द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। जैसे ही तिरंगा लहराया, पूरा विद्यालय परिसर "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के उद्घोष से गूंज उठा। छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों ने तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नन्हे-मुन्ने बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस जैसे स्वतंत्रता सेनानियों तथा तिरंगे और भारतीय संस्कृति के विविध रूपों में मंच पर आकर सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं ग्रुप डांस में छात्रों ने देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुति देकर एकजुटता और देशप्रेम का संदेश दिया।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्य डॉ० गोपाल दीक्षित ने कहा, "स्वतंत्रता हमें अनेक शहीदों के त्याग और बलिदान से प्राप्त हुई है। इसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। हमें अपने कर्तव्यों का निष्ठा से पालन करते हुए समृद्ध, सुरक्षित और विकसित भारत @ 2047 के निर्माण में अपना योगदान देना होगा।" कार्यक्रम के अंत में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में विजेता रहे छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
No comments:
Post a Comment