नित्य संदेश ब्यूरो
देहरादून। "सेवा, संस्कार, समर्पण, स्वच्छता, संवाद" के संदेश के साथ रुद्रेश्वर महादेव मंदिर, खलंगा, मंगलूवाला, नालापानी, रायपुर, देहरादून में जनसेवा, स्वच्छता और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एनजीओ प्रकोष्ठ, जिला देहरादून द्वारा किया गया। अभियान का उद्देश्य स्थानीय लोगों को सामाजिक सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सरकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में समाज के बीच पहुंचकर स्थानीय समस्याओं को समझने, दिव्यांग बच्चों और बुजुर्गों तक सहयोग पहुंचाने तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। संवाद के दौरान मनीष चौहान, हिमानी रावत, सुशांत मोहन, श्रेया और वाटिका सहित स्थानीय निवासियों से बातचीत कर मेडिकल रिपोर्ट ली गईं, ताकि जरूरतमंदों की मदद की जा सके। स्वच्छ भारत अभियान के तहत विपिन चौहान, सचिन चौहान और आर्यमन तनेजा ने मंदिर परिसर और आसपास सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। लोगों से अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई। ग्रामीणों को बताया गया कि सरकारी योजनाएं सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि स्थानीय संसाधन, कृषि, पर्यटन, महिला शक्ति, कौशल विकास और ग्रामीण उद्यमिता से जोड़कर आत्मनिर्भर समाज बनाने का माध्यम हैं।
आयोजकों ने कहा - "सेवा तभी सार्थक है जब वह जरूरतमंद तक पहुंचे, संवाद तभी सार्थक है जब वह समाधान की ओर बढ़े, और संगठन तभी सार्थक है जब वह समाज के अंतिम व्यक्ति के साथ खड़ा दिखे।" अंत में सभी स्थानीय निवासियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया गया।

No comments:
Post a Comment