Breaking

Your Ads Here

Friday, August 14, 2026

हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत ललित कला संस्थान में सजी भव्य तिरंगा रंगोली



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में भव्य तिरंगा रंगोली का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की प्रेरणा एवं निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में ललित कला संस्थान के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए देशभक्ति से ओतप्रोत आकर्षक तिरंगा रंगोली सजाई।


कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला एवं प्रो. वीरपाल सिंह, कुलानुशासक द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। रंगोली में तिरंगे के तीनों रंगों के महत्व को कलात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने अशोक चक्र को 3D आयाम प्रदान करने के साथ-साथ तीनों रंगों में विभिन्न सुंदर कलाकृतियों एवं राष्ट्रीय प्रतीकों का सृजन कर रंगोली को अत्यंत आकर्षक एवं देशभक्तिपूर्ण स्वरूप प्रदान किया, जिसने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रो. संगीता शुक्ला ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई तिरंगा रंगोली की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि देशभक्ति का जज्बा केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हमारी कला, हमारी भावनाओं और हमारे कार्यों में भी दिखाई देना चाहिए। विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की सुंदर अभिव्यक्ति प्रस्तुत की है। मुख्य अतिथि प्रो. वीरपाल सिंह, कुलानुशासक ने तिरंगे के तीनों रंगों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा तीनों रंगों का अत्यंत सुंदर एवं सृजनात्मक प्रयोग किया गया है। उन्होंने ललित कला संस्थान के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


कार्यक्रम की संयोजक प्रो. अलका तिवारी, उपनिदेशक, ललित कला संस्थान ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा लोगों में देशभक्ति की भावना और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस तिरंगा रंगोली का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रतीकों और तिरंगे के तीनों रंगों का अत्यंत सुंदर एवं सृजनात्मक प्रयोग कर कला के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की अभिव्यक्ति की है। उन्होंने बताया कि रंगोली के साथ आकर्षक ‘तिरंगा सेल्फी स्टैंड/सेल्फी प्वाइंट’ भी बनाया गया, जहाँ विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने हाथ में तिरंगा लेकर सेल्फी ली और हर घर तिरंगा अभियान के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।


प्रो. जे.ए. सिद्दीकी, मुख्य पुस्तकालयाध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा एवं देशभक्ति की भावना की सराहना करते हुए कहा कि कला समाज में सकारात्मक संदेश पहुँचाने का सशक्त माध्यम है और विद्यार्थियों ने इस माध्यम का सुंदर उपयोग किया है। विशिष्ट अतिथि मितेंद्र कुमार गुप्ता ने भी तिरंगा रंगोली की सराहना करते हुए विद्यार्थियों एवं ललित कला संस्थान को इस रचनात्मक एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं। कर्मचारी प्रतिनिधि सर्वोत्तम शर्मा ने कर्मचारियों के साथ रंगोली स्थल पर छायाचित्र एवं सेल्फी लेते हुए ललित कला संस्थान द्वारा किए गए इस सुंदर प्रयास की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपनिदेशक प्रो. अलका तिवारी को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को और मजबूत करते हैं। 


तिरंगा रंगोली का निर्माण रिद्धिमा, श्रेया, उज्ज्वल, सृष्टि, दीप्ति, आर्यन, दक्ष, अंतरा, गौरांगी, शगुन, कशिश, महिमा, मानव एवं दिव्या सहित विद्यार्थियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. पूर्णिमा वशिष्ठ, डॉ. शालिनी शर्मा, तुलसी दीदी पांडे, कृतिका, आकाश एवं मोहम्मद खालिद का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर प्रो. के.के. शर्मा, धर्मेंद्र, अमित शर्मा सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। तिरंगा रंगोली एवं सेल्फी प्वाइंट पूरे दिन विश्वविद्यालय परिसर में आकर्षण का केंद्र बने रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here