रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। आज के दौर में जहां लोग अपनी मेहनत से वीडियो बनाकर समाज को जागरूक कर रहे हैं और अपने परिवार का पालन-पोषण भी कर रहे हैं, वहीं कुछ कहानियां ऐसी भी हैं जो संघर्ष की दूसरी तस्वीर दिखाती हैं। ऐसी ही एक कहानी है जिला बुलंदशहर के ग्राम भीमपुर दौहर की रहने वाली रिहाना परवीन की।
रिहाना परवीन पिछले काफी समय से इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर नए-नए वीडियो, गाने और अभिनय के माध्यम से समाज को जागरूक करने का काम कर रही हैं। वह अपनी कला के जरिए लोगों तक संदेश पहुंचाती हैं, गाकर, सुनाकर और एक्टिंग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करती हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें आगे बढ़ने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रिहाना का कहना है कि एक वीडियो बनाने के पीछे कितनी मेहनत लगती है, यह वही महिला कलाकार जानती है जो कैमरे के सामने अपनी कला दिखाती है। इसके बावजूद उन्हें आगे बढ़ाने और सपोर्ट करने वाला कोई नहीं है, जिसका उन्हें बेहद मलाल है।
परिवार की आर्थिक तंगी के बावजूद रिहाना ने हिम्मत नहीं हारी है और लगातार संघर्ष कर रही हैं। उनका सपना है कि यदि थोड़ी सी भी मदद मिल जाए तो वह अपनी कला को और निखार कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि अपने क्षेत्र और समाज का नाम भी रोशन कर सकती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी प्रतिभाओं को यदि समाज और प्रशासन से थोड़ा सहयोग मिल जाए तो वे आत्मनिर्भर बनकर अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन सकती हैं।

No comments:
Post a Comment