नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आयुक्त, खाद्य तथा रसद विभाग, उत्तर प्रदेश, जवाहर भवन, लखनऊ के पत्र द्वारा मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में लोक भवन सभागार, लखनऊ में उत्तर प्रदेश में कार्यरत उचित दर विक्रेताओं को राज्य सरकार के बजट से अतिरिक्त लाभांश वितरण की घोषणा के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों के अंतर्गत जिलाधिकारी मेरठ द्वारा निर्गत आदेश के क्रम में जनपद मेरठ में विधानसभा वार कार्यक्रम स्थल का निर्धारण करते हुए नोडल अधिकारियों को नामित किया गया था।
सोमवार को विधानसभावार निर्धारित प्रत्येक कार्यक्रम स्थल पर जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करते हुए लगभग 150 राशन विक्रेताओं की उपस्थिति में विभागीय अधिकारियों के सहयोग से लोक भवन सभागार, लखनऊ से सजीव प्रसारण को सामूहिक रूप से देखा गया। कार्यक्रम में विधानसभा सरधना से मनोज कुमार, ब्लॉक प्रमुख सरूरपुर, विधानसभा हस्तिनापुर से उदयवीर सिंह, निदेशक सहकारी समिति मवाना, विधानसभा किठौर से अश्विनी त्यागी, एमएलसी एवं सत्यवीर त्यागी पूर्व विधायक किठौर, विधानसभा सिवालखास से गुलाम मौहम्मद, विधायक सिवालखास उपस्थित रहे। विधानसभा मेरठ कैंट, मेरठ दक्षिण एवं मेरठ शहर का संयुक्त कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें विधायक मेरठ कैंट अमित अग्रवाल गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, नगर मजिस्ट्रेट, परियोजना निदेशक (डीआरडीए) सुनील कुमार सिंह, अधीनस्थ विभागीय अधिकारी/कर्मचारीगण सहित 200 से अधिक उचित दर विक्रेताओं की उपस्थिति में सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।
उक्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा की गई। घोषणा पर उपस्थित सभी लोगों ने करतल ध्वनि से मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम समाप्ति पर जिलाधिकारी द्वारा विधायक अमित अग्रवाल को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया तथा अन्य विधानसभा के कार्यक्रम स्थलों पर नोडल अधिकारियों द्वारा आमंत्रित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया गया।

No comments:
Post a Comment