नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तिरंगा यात्रा कुलपति कार्यालय से प्रारंभ होकर डाकखाना, कैलाश प्रकाश छात्रावास, नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह होते हुए विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंची। मुख्य द्वार से होते हुए यात्रा मंदिर एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास से गुजरते हुए पुनः कुलपति कार्यालय पहुंची, जहां तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा विश्वविद्यालय परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से गूंज उठा। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों का गायन करते हुए राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम की भावना का संदेश दिया। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का संकल्प व्यक्त किया।इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ देश की प्रगति में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में कुलसचिव प्रोफेसर भूपेंद्र सिंह, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, प्रोफेसर मृदुल कुमार गुप्ता, प्रोफेसर वीरपाल सिंह, प्रोफेसर नीलू जैन गुप्ता, प्रोफेसर कृष्णकांत शर्मा, प्रोफेसर अतवीर सिंह, प्रोफेसर राकेश कुमार शर्मा, प्रोफेसर कृष्णकांत ओझा, प्रोफेसर जमाल अहमद सिद्दीकी, प्रोफेसर गुलाब सिंह रूहल, डॉ. दुष्यंत चौहान, डॉ. सचिन कुमार, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. अलका तिवारी, डॉ. प्रदीप पवार, प्रेस प्रवक्ता नितेंद्र कुमार गुप्ता, प्रवीण पवार सहित बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा ने विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति, एकता और राष्ट्रप्रेम का वातावरण निर्मित किया तथा सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment