नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत आज शहर विधानसभा के ब्रह्मपुरी मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने सहभागिता करते हुए कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के वातावरण को और अधिक उत्साहपूर्ण बनाया।
तिरंगा यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा झंडा लेकर चल रहे थे। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। यात्रा में युवाओं, महिलाओं, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
इस अवसर पर एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि यह भारत की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों ने जिस संघर्ष और त्याग से देश को स्वतंत्रता दिलाई, उसे सदैव स्मरण रखना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का कार्य कर रहा है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराना है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को मजबूत करने का संकल्प लें।
धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि आज का भारत अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
तिरंगा यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने पूरे ब्रह्मपुरी क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा में उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कमल दत्त शर्मा अरविंद अरोड़ा अध्यक्ष ब्रहमपुरी मंडल कमल दत्त शर्मा पूर्व प्रत्याशी प्रमोद मित्तल अमित गुप्ता। अरुण मचल पार्षद राजकुमार पूर्व पार्षद अंकित माहेश्वरी। राजीव मनोठिया। अजय शर्मा। ज्योति कपूर। उमा चतुर्वेदी। नेपाल सैनी। रविन्द्र गुप्ता। निशांत धवन। मनीष जाटव उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment