Breaking

Your Ads Here

Thursday, August 13, 2026

मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग छात्राओं का अभिविन्यास समारोह हर्षोल्लास से आयोजित

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कॉलेज ऑफ नर्सिंग, लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज, मेरठ द्वारा आज मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में अभिविन्यास समारोह (Orientation Programme) हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रोफेसर प्रीति शिशिर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और नवप्रवेशित अभ्यर्थियों के स्वागत के साथ की। इसके बाद प्रोफेसर डॉ. आयुषी बंसल ने नर्सिंग प्रोफेशन की महत्ता और आधुनिक नर्सिंग की प्रथम अन्वेषक फ्लोरेंस नाइटिंगेल के योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। नर्सिंग अधीक्षिका कमला रानी ने अभ्यर्थियों को नर्सिंग में उपलब्ध अवसरों और चुनौतियों से अवगत कराया। उप प्रधानाचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टांक और प्रमुख अधीक्षक डॉ. धीरज राज ने सभी नवप्रवेशित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य डॉ. आर सी गुप्ता ने अपने संबोधन में नर्सिंग कर्मियों की भूमिका और मरीजों की देखभाल में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नर्सिंग कर्मी मरीजों के साथ निरंतर रहकर उनकी देखभाल और उपचार प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को अनुशासन, समर्पण और लगन के साथ कोर्स पूरा करने के लिए प्रेरित किया।


एसोसिएट प्रोफेसर प्रियंका चौधरी ने नर्सिंग कॉलेज के प्रबंधन और शैक्षणिक व्यवस्था के बारे में जानकारी दी, जबकि असिस्टेंट प्रोफेसर निशात परवीन ने कॉलेज और हॉस्टल से संबंधित जानकारी दी। नर्सिंग ट्यूटर रोहित कुमार ने एंटी-रैगिंग पॉलिसी के बारे में विस्तार से बताते हुए विद्यार्थियों को रैगिंग से दूर रहने और अनुशासित वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक किया। प्राचार्या डॉ. एस बालामनी बोस ने सभी अभिभावकों को बधाई दी और नवप्रवेशित अभ्यर्थियों को अनुशासन, समर्पण और लगन के साथ शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रोत्साहित किया।


इस दौरान डॉ. लोकेश ने अभिभावकों और विद्यार्थियों को नेत्रदान के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टांक ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सभी नवप्रवेशित अभ्यर्थियों को तिरंगे भेंट किए और राष्ट्रप्रेम व राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। अंत में एसोसिएट प्रोफेसर मुकुल ढाका ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और अभ्यर्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here