नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित संस्कृत प्राच्य भाषा विभाग में आज काव्यशास्त्र के मूलभूत सिद्धांत विषय पर विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया। व्याख्यान में वक्ता के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर भरतेंदु पांडेय उपस्थित रहे।
सह-विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत शर्मा ने पूर्वपीठिका के रूप में आचार्य भामह से लेकर पंडितराज जगन्नाथ तक काव्यशास्त्रियों के योगदान की संक्षिप्त चर्चा की। वक्ता प्रो. पांडेय ने सरल और सुबोध शैली में काव्य के मूलभूत तत्वों के विषय में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और शब्दशक्ति के विषय पर प्रकाश डाला। बीए ऑनर्स, एमए और प्री-पीएचडी कोर्सवर्क के विद्यार्थियों के साथ विभाग के अध्यापकों ने भी वक्ता के तलस्पर्शी ज्ञान से लाभ प्राप्त किया।व्याख्यान से पूर्व विभाग के प्राध्यापक डॉ. ओमपाल ने मंगलाचरण किया और अंत में डॉ. नरेंद्र कुमार ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन किया। शांतिपाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

No comments:
Post a Comment