नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता शाहीन परवेज एडवोकेट ने कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा कांवड़ शिविर में पहुंचकर कांवड़ियों से मुलाकात कर उन्हें कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
शाहीन परवेज एडवोकेट ने कांवड़ शिविर में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं में सहयोग किया और कांवड़ियों की सेवा में लगे लोगों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव से है। अलग-अलग धर्मों और समुदायों के लोग एक-दूसरे के धार्मिक पर्वों एवं परंपराओं का सम्मान करें, यही हमारे देश की खूबसूरती है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा और आस्था का पर्व है तथा कांवड़ियों का सम्मान करना और उनकी सेवा करना सामाजिक भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने सभी कांवड़ियों को सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शाहीन परवेज एडवोकेट ने कहा कि धार्मिक सौहार्द और आपसी सम्मान को मजबूत करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए। एक-दूसरे की आस्था का सम्मान करने से ही देश में एकता और भाईचारा और मजबूत होगा। इस अवसर पर उन्होंने कांवड़ियों के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि “हम सब पहले भारतीय हैं और आपसी प्रेम एवं भाईचारा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”

No comments:
Post a Comment