Breaking

Your Ads Here

Tuesday, August 4, 2026

पुलिस कमिश्नर ने जनसुनवाई में प्रत्येक आवेदक की व्यथा सुन, त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के दिए निर्देश

हर शिकायत पर गंभीरता से सुनवाई, हर आवेदक को न्याय का भरोसा


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के क्रम में  पुलिस आयुक्त  संतोष कुमार सिंह द्वारा पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई।


जनसुनवाई के दौरान पुलिस कमिश्नर ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं एवं व्यथा को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समक्ष एवं दूरभाष के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रकरणों में त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आज की जनसुनवाई में कुल 74 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मुख्य रूप से आपसी पारिवारिक विवाद, पति/पत्नी के विवाद, बहू-बेटे द्वारा माता-पिता को प्रताड़ित करने की शिकायतें, फर्जी लोन लेने, पैसों के लेन-देन, प्लॉट/मकान एवं भूमि संबंधी धोखाधड़ी व विवाद, वित्तीय (फाइनेंशियल) फ्रॉड, महिला अपराध, पुलिस द्वारा सुनवाई न होने संबंधी शिकायतें तथा अन्य पुलिस संबंधी प्रकरण शामिल रहे।


पुलिस कमिश्नर इंदौर ने उपस्थित सभी आवेदकों को आश्वस्त किया कि इंदौर पुलिस आमजन की सुरक्षा, न्याय एवं उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

जनसुनवाई के दौरान अति पुलिस आयुक्त श्री मयंक अवस्थी सहित सभी झोन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को विस्तार से सुनकर कई प्रकरणों में मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कराई तथा शेष मामलों में शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए।


इसके अतिरिक्त, इंदौर पुलिस द्वारा मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से भी आपसी एवं पारिवारिक विवादों में काउंसलिंग कर पक्षकारों के बीच संवाद स्थापित करने तथा विवादों का शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं शीघ्र समाधान कराने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे अनावश्यक विवादों एवं न्यायिक प्रक्रियाओं को कम किया जा सके।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here