नित्य संदेश ब्यूरो
लखनऊ। मेरठ कैंट से विधायक अमित अग्रवाल ने शास्त्री नगर के सैकड़ों परिवारों के आशियाने बचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उन्होंने 100 वर्गमीटर तक के आवासीय भूखंडों पर 1 मीटर फ्रंट सेटबैक की अनिवार्यता को समाप्त करने की मांग की है।विधायक अग्रवाल ने पत्र में अवगत कराया है कि शास्त्री नगर क्षेत्र में अधिकांश आवासीय भवन 100 वर्गमीटर या उससे कम क्षेत्रफल के भूखंडों पर बने हुए हैं, जो कई वर्ष पूर्व निर्मित हैं। वर्तमान में MDA द्वारा फ्रंट सेटबैक के नियमों का हवाला देकर की जा रही कार्रवाई से लगभग 800 मकानों पर ध्वस्तीकरण की तलवार लटक रही है। इससे हजारों लोग बेघर होने की कगार पर हैं। उन्होंने कहा कि छोटे भूखंडों पर बने इन मकानों के निर्माण के समय की सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि भवन निर्माण एवं विकास उपविधि में आवश्यक संशोधन कर 100 वर्गमीटर तक के भूखंडों के लिए 1 मीटर फ्रंट सेटबैक की अनिवार्यता को समाप्त किया जाए, जिससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी और उनके घर सुरक्षित रह सकेंगे। विधायक ने भरोसा जताया है कि मुख्यमंत्री जनहित में इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
No comments:
Post a Comment