नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय मेरठ में आज हर घर तिरंगा अभियान के तहत 'आजादी के दीवाने' भूमिका निर्वहन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजू सिंह एवं 22 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी मेरठ के कमान अधिकारी कर्नल होपेन्दर ठाकुर के संरक्षण तथा एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. लता कुमार के नेतृत्व में एनसीसी इकाई के तत्वावधान में किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मां शारदे की वंदना से किया गया। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महापुरुषों का रूप धारण कर उनकी भूमिकाओं का सजीव मंचन किया। कैडेट्स ने रानी लक्ष्मीबाई, कैप्टन लक्ष्मी सहगल, उदा देवी, स्वामी विवेकानंद आदि की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में कैडेट वर्णिका ने प्रथम, तनीषा ने द्वितीय, पलक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अंडर ऑफिसर आंचल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। निर्णायक के रूप में संगीत विभाग से डॉ. राधा रानी और समाजशास्त्र विभाग से डॉ. मनीषा भूषण उपस्थित रहीं।
प्राचार्य अंजू सिंह ने तिरंगा सप्ताह के अंतर्गत इस रंगारंग आयोजन के लिए एनसीसी इकाई को शुभकामनाएं दीं और कैडेट्स को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में 8 कैडेट्स ने प्रतिभाग किया और 26 कैडेट्स उपस्थित रहीं। इस अवसर पर प्रो. गीता चौधरी और डॉ. शालिनी वर्मा भी मौजूद रहीं।

No comments:
Post a Comment