Breaking

Your Ads Here

Wednesday, August 12, 2026

आचार्य श्री विद्यासागर उद्यान में जैन संत का अंतिम संस्कार,

नवीन मौर्य 

नित्य संदेश, इन्दौर। शहर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब केसर बाग रोड स्थित आचार्य श्री विद्यासागर उद्यान में जैन संत के अंतिम संस्कार की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि करीब 80 वर्षीय जैन संत श्री सुलभथी सागर जी महाराज का निधन होने के बाद उद्यान परिसर में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया। सार्वजनिक बगीचे में अंतिम संस्कार की सूचना मिलते ही स्थानीय रहवासी मौके पर पहुंचे और विरोध जताया।


चातुर्मास के लिए क्षेत्र में ठहरे थे संत

जानकारी के मुताबिक जैन संत वर्षा योग यानी चातुर्मास के लिए क्षेत्र में ठहरे हुए थे। इसी दौरान उनका निधन हो गया। इसके बाद उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां की गईं। संत के निधन की सूचना के बाद जैन समाज के लोग अंतिम संस्कार की व्यवस्था में जुट गए।


पुलिस ने अनुमति देने से किया था इनकार

अन्नपूर्णा पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात जैन समाज के कुछ लोग उद्यान में अंतिम संस्कार की अनुमति लेने थाने पहुंचे थे। पुलिस ने सार्वजनिक उद्यान में अंतिम संस्कार की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बावजूद बुधवार सुबह उद्यान परिसर में अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक अंतिम संस्कार के लिए प्रशासनिक अनुमति नहीं दी गई थी। मामले की परिस्थितियों और वहां हुई गतिविधियों की जांच की जा रही है।

सुबह करीब 7 बजे रहवासियों को मिली जानकारी 

स्थानीय रहवासियों की ओर से नगर निगम के उद्यान अधिकारी को लिखित शिकायत भी दी गई है। शिकायत में कहा गया है कि जोन क्रमांक 15 और वार्ड क्रमांक 72 के अंतर्गत आने वाले नगर निगम के आचार्य श्री विद्यासागर उद्यान में नेमी नगर जैन कॉलोनी के इन्द्रपुरी चातुर्मास कार्यक्रम से जुड़े लोग मौजूद थे।

शिकायत के अनुसार, दिगंबर जैन समाज के ट्रस्ट की ओर से उद्यान परिसर में ही संत का अंतिम संस्कार किया गया। रहवासियों का दावा है कि उन्हें इसकी जानकारी सुबह करीब 7 बजे मिली। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और नगर निगम को मामले की जानकारी दी।


पुलिस और नगर निगम कर रहे जांच 

अंतिम संस्कार की जानकारी सामने आने के बाद कॉलोनी के कई रहवासी उद्यान में एकत्र हुए और विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

रहवासियों ने नगर निगम से पूरे मामले की जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस और नगर निगम की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि उद्यान में अंतिम संस्कार किस परिस्थिति में कराया गया और इसके लिए किसी स्तर पर अनुमति ली गई थी या नहीं

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here