BDDS टीम ने C-21 मॉल में बम थ्रेट मॉक ड्रिल के जरिए परखी वहां की सुरक्षा तैयारियां
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। शहर की सुरक्षा व्यवस्था तथा आगामी स्वतंत्रता दिवस सहित विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस द्वारा पुलिस कमिश्नर के दिशा निर्देशन में महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का लगातार निरीक्षण एवं परीक्षण किया जा रहा है। साथ ही, किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में पुलिस, प्रशासन एवं संबंधित संस्थानों द्वारा की जाने वाली कार्रवाई की तैयारियों को भी परखा जा रहा है।
आगामी स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में इंदौर पुलिस की बीडीडीएस टीम द्वारा 11 अगस्त 2026 को C-21 मॉल, में बम थ्रेट संबंधी मॉक ड्रिल आयोजित की गई।
मॉक ड्रिल के दौरान बीडीडीएस प्रभारी खालिद मुश्ताक के नेतृत्व में टीम ने विजय नगर थाना पुलिस व मॉल के सुरक्षा स्टाफ एवं विभिन्न शोरूम के कर्मचारियों को साथ लेकर आपातकालीन परिस्थिति में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रिया का जीवंत अभ्यास कराया। इसमें लावारिस अथवा संदिग्ध वस्तु मिलने पर तत्काल क्षेत्र को सुरक्षित करने, लोगों को संदिग्ध वस्तु से दूर रखने तथा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पुलिस एवं विशेषज्ञ टीम को सूचना देने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया।
पुलिस अधिकारियों एवं बीडीडीएस टीम द्वारा मॉल प्रबंधन, सुरक्षा कर्मियों एवं शोरूम स्टाफ से संवाद कर संदिग्ध वस्तु मिलने पर क्या करें और क्या न करें, इस संबंध में आवश्यक सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी गई।
पुलिस द्वारा स्वतंत्रता दिवस सहित आगामी महत्वपूर्ण आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस एवं संबंधित संस्थानों की आपातकालीन तैयारियों को परखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment