नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों में वीर सेनानियों, पूर्व सैनिकों एवं सेनानी परिवारों के सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों में मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल एवं महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने राष्ट्रसेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों और सेनानी परिवारों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। मुल्तान नगर मंडल में रोहटा रोड स्थित विकास एनक्लेव निवासी पूर्व सैनिक सूबेदार किशन सिंह का सम्मान किया गया। पटेल नगर मंडल में प्रभात नगर निवासी स्वर्गीय रामसहाय पाल, सूबेदार मेजर के सुपुत्र राजेंद्र पाल तथा स्वर्गीय सोहनलाल वर्मा, भारत सेवा नायक के सुपुत्र नरेंद्र कुशवाहा के परिवारों को सम्मानित किया गया। छावनी मंडल के तोपखाना क्षेत्र में पूर्व वायुसेना कर्मी नरेंद्र राणा एवं पूर्व सैनिक लाला राम का सम्मान किया गया। इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन 'ऋतुराज' भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि देश की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर सैनिक, पूर्व सैनिक एवं सेनानी परिवार राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनका त्याग, साहस, अनुशासन और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। राष्ट्र अपने वीरों के योगदान को कभी नहीं भूल सकता।
उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा के माध्यम से ऐसे राष्ट्रनायकों का सम्मान समाज में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक मजबूत करता है। हम सभी का दायित्व है कि अपने वीर सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति सदैव सम्मान का भाव रखें। कार्यक्रमों में महानगर व मंडल पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment