नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा सभी सम्मानित विद्युत उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न जनपदों में विशेष बिल संशोधन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। 18 अगस्त 2026 तक दैनिक कैंप रिपोर्ट के अनुसार कुल 10182 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 9912 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। इस प्रकार प्राप्त शिकायतों में से लगभग 97 प्रतिशत शिकायतों का समाधान किया गया है।
जोनवार शिकायतों की स्थिति इस प्रकार है -
मेरठ जोन-प्रथम में 79 शिकायतें प्राप्त हुईं और सभी 79 का समाधान किया गया। मेरठ जोन-द्वितीय में 797 में से 742, गाजियाबाद जोन-प्रथम में 585 में से सभी 585, गाजियाबाद-द्वितीय में 1042 में से 1034, गाजियाबाद जोन-तृतीय में 575 में से 571, बुलंदशहर जोन में 920 में से 890, मुजफ्फरनगर जोन में 1110 में से 1044, सहारनपुर जोन में 1022 में से सभी 1022, नोएडा जोन में 194 में से सभी 194, मुरादाबाद जोन में सर्वाधिक 1692 में से 1591 तथा गजरौला जोन में 1229 में से 1162 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
विशेष बिल संशोधन शिविर में केवल बिल संबंधी शिकायतों का ही समाधान नहीं किया जा रहा है, बल्कि स्मार्ट मीटर एवं गैर स्मार्ट मीटर, मीटर संबंधी शिकायतें, टैरिफ परिवर्तन, मोबाइल नंबर/ईमेल आईडी अपडेट तथा यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप से संबंधित शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए पश्चिमांचल डिस्कॉम द्वारा 1912 हेल्पलाइन नंबर तथा 7859804803 WhatsApp Chatbot के माध्यम से भी विद्युत संबंधी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है। उपभोक्ता घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं तथा उसके निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
पश्चिमांचल डिस्कॉम द्वारा सभी सम्मानित उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि उपभोक्ता निकटतम खण्डीय/उपखण्डीय/सहायक अभियंता (वितरण/वाणिज्य)/अधिशासी अभियंता (वितरण/वाणिज्य) कार्यालयों में आयोजित विशेष बिल संशोधन शिविरों में पहुंचकर अपनी विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें तथा उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

No comments:
Post a Comment