Breaking

Your Ads Here

Saturday, August 15, 2026

चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय के सुभाष प्रेक्षागृह में भव्यता से मना स्वतंत्रता दिवस समारोह और हर घर तिरंगा अभियान

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस प्रेक्षागृह में आज स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं हर घर तिरंगा अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. तोमर एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित नाटकों, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। समारोह में पूर्व सैन्य अधिकारियों एवं उनके परिजनों, वीर नारियों, शहीदों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को शॉल, सम्मान पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद राज्यमंत्री द्वारा ध्वजारोहण किया गया, राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान गाया गया। उपस्थित जनसमूह ने पूरे जोश के साथ तिरंगा लहराया, देशभक्ति के नारों से प्रेक्षागृह गूंज उठा।
प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सबसे आगे बढ़ने वाला प्रदेश - डॉ. सोमेन्द्र तोमर
अपने संबोधन में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने सभी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेरठ की धरती क्रांतिकारियों की धरती है। आजादी महान बलिदानियों के बलिदान से मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ काम करने और इस मिट्टी का सिर कभी न झुकने देने की शपथ ली थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। आज उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह देश का सबसे आगे बढ़ने वाला प्रदेश बन गया है। आज हम विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा नेशनल हाईवे, एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश में हैं। देश की पहली आरआरटीएस रैपिड ट्रेन मेरठ को मिली है। संविधान में अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी उल्लेख है, राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि देश को स्वतंत्रता दिलाने के लिए महान नायकों ने अनेक बलिदान दिए। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखना चाहिए। एमएलसी अश्वनी त्यागी ने भी जनपदवासियों को बधाई दी।
जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि जनपद में हर घर तिरंगा कार्यक्रम हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। समाज शिक्षित होगा तभी विकसित भारत की कल्पना साकार होगी। युवाओं को शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से सशक्त बनाते हुए उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करनी होगी। उन्होंने सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग के लिए भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि मेरठ में एशिया की पहली आरआरटीएस मेट्रो संचालित हो रही है और मेरठ गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जुड़ा है।

इस अवसर पर विधायक मेरठ कैंट अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज, एमएलसी अश्वनी त्यागी, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विजय वर्धन तोमर, अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त) कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, पीडी डीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, डीपीआरओ वीरेन्द्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, बीएसए आशा चौधरी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य व्यक्ति, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here