नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के ऊर्जा भवन परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने राष्ट्रगान गाया। प्रबंध निदेशक ने सभी सम्मानित उपभोक्ताओं एवं उपस्थित कार्मिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक सहित निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) आशु कालिया, निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन, निदेशक (तकनीकी) एन.के. मिश्र एवं निदेशक (वित्त) स्वतंत्र कुमार तोमर ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व, विभागीय दायित्वों तथा राष्ट्र की प्रगति में विद्युत क्षेत्र की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र देश की प्रगति का प्रत्यक्ष आधार है। विद्युत आपूर्ति का प्रत्येक क्षण औद्योगिक, आर्थिक एवं सामाजिक विकास से जुड़ा है। औद्योगिक इकाइयों से लेकर ग्रामीण विकास तक प्रत्येक आर्थिक गतिविधि में विद्युत की भूमिका प्रत्यक्ष है, इसलिए विद्युत विभाग में कार्यरत प्रत्येक कार्मिक के कार्य का प्रभाव देश के विकास पर पड़ता है। उन्होंने कार्मिकों का आह्वान किया कि कार्य को केवल दिन पूरा करने की दृष्टि से न किया जाए, बल्कि यह सोच विकसित की जाए कि मैं अपने कार्य को और बेहतर कैसे कर सकता हूँ ताकि उसका लाभ उपभोक्ता को मिले। उन्होंने उपभोक्ता सेवा, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, विभागीय हित और आर्थिक सुदृढ़ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया और कहा कि पीवीवीएनएल की उपलब्ध व्यवस्थाओं और संसाधनों का उपयोग पूरी क्षमता के साथ उपभोक्ता सेवा एवं राष्ट्र हित में किया जाए। प्रबंध निदेशक ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीरों का योगदान सर्वोपरि है, क्योंकि राष्ट्र की सुरक्षा और स्वतंत्रता ही देश के विकास की आधारशिला है।
पीवीवीएनएल ने बढ़ाया महिला शक्ति का मान - 12 विद्युत सखियां सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्र के वीरों को नमन करने के साथ-साथ महिला शक्ति को भी नमन किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत उपभोक्ताओं से संपर्क, बिल भुगतान के प्रति जागरूकता और राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विद्युत सखियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्युत सखियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में 5 करोड़ से लेकर 11 करोड़ रुपये तक का राजस्व संग्रह कर महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें 3 लाख से 12 लाख रुपये तक कमीशन प्राप्त हुआ। सर्वाधिक 11 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह करने वाली बुलंदशहर-दशहरा की विद्युत सखी गीता रानी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने 8 लाख रुपये कमीशन अर्जित किया।
अन्य सम्मानित विद्युत सखियां -
बागपत की वर्षा - 10.47 करोड़ राजस्व, 4 लाख कमीशन
बागपत की रजनी - 10.22 करोड़ राजस्व, 4 लाख कमीशन
मेरठ की संगीता - 10 करोड़ राजस्व, 8 लाख कमीशन
मेरठ की सानिया - 7.19 करोड़ राजस्व, 7 लाख कमीशन
बुलंदशहर की सीमा - 8 करोड़ राजस्व, 4.50 लाख कमीशन
इसके अतिरिक्त बागपत की विमला शर्मा, मेरठ की रचना, कविता, मुजफ्फरनगर की प्रतिभा, बागपत की रूबी तथा रामपुर की फिरदौस ने भी करोड़ों रुपये का राजस्व संग्रह कर लाखों रुपये का कमीशन प्राप्त किया। प्रबंध निदेशक ने सभी को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
खेल प्रतियोगिता एवं उत्कृष्ट कार्मिक सम्मान
समारोह के अंतर्गत रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें मेरठ एवं हेडक्वार्टर की टीमों के बीच महिला एवं पुरुष वर्ग में उत्साहपूर्ण मुकाबले हुए। विजेता टीमों को प्रबंध निदेशक एवं निदेशकगण द्वारा पुरस्कृत किया गया। आयोजन में स्पोर्ट्स ऑफिसर अलका तोमर, कोच एवं रेफरी जतन सिंह, बिजेन्द्र सिंह एवं मांगेराम के योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में आरुषि ने वंदे मातरम गाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन दिलमणि थपलियाल ने किया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों - राहुल शर्मा अधीक्षण अभियंता, उमेश चन्द्र सोनकर अधीक्षण अभियंता, हरि ओम अधिशासी अभियंता, रवि यादव अधिशासी अभियंता, प्रेरणा अधिशासी अभियंता, अंकित सिंह, नरेन्द्र कुमार श्रीवास, महेश कुमार, गौरव प्रकाश, शोभित कुरील, अनीश कुमार अधिशासी अभियंता, अमित कुमार लेखाधिकारी, पी.सी. यादव सहायक अभियंता, सुनील कुमार अवर अभियंता, तरुण कुमार लेखाकार, गिरिश यादव आशुलिपिक, अमरीश कुमार शर्मा, वैभव चौधरी एवं अश्वनी कुमार कार्यकारी सहायक को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में महाप्रबंधक (लेखा) अमित रोहिला, मुख्य अभियंता मो. सगीर, राजकुमार, राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता अभिषेक श्रीवास्तव, राहुल शर्मा, अरुण कुमार, लेखाधिकारी अमित कुमार, सुरेन्द्र कुमार, दिशांत लोधी, स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह, अवर अभियंता विजेन्द्र सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


.jpeg)
No comments:
Post a Comment