Breaking

Your Ads Here

Saturday, August 15, 2026

शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज 80वां राष्ट्रीय स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) अंजू सिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात महाविद्यालय परिवार ने समवेत स्वरों में राष्ट्रगान गाया।

कार्यक्रम का संचालन समारोहक डॉ. आशीष पाठक ने किया। उन्होंने निदेशक, उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा प्रेषित स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया। प्राचार्य के मार्गदर्शन में एन.सी.सी. इकाई द्वारा राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें समस्त महाविद्यालय परिवार ने गर्व के साथ प्रतिभाग किया। शारीरिक शिक्षा विभाग के प्राध्यापकों के निर्देशन में छात्राओं ने रस्साकशी प्रतियोगिता में पूर्ण उत्साह के साथ भाग लिया। तत्पश्चात प्राचार्य एवं प्राध्यापकगणों द्वारा सरस्वती पूजन और महाविद्यालय प्रांगण में स्थापित शहीद मंगल पांडे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रगीत 'वन्दे मातरम्...' का मधुर गायन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में छात्रा गुनगुन सैनी और इकरा (बी.ए.) ने एकल काव्य पाठ प्रस्तुत किया। छात्राओं मुस्कान और तान्या ने मनभावन युगल नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। डॉ. राधा रानी, डॉ. शालिनी वर्मा और छात्राओं द्वारा राष्ट्र वंदना प्रस्तुत की गई। छात्रा अंशु सैनी ने देशभक्ति से ओतप्रोत भाषण दिया।

इस अवसर पर प्रो. रामचन्द्र सिंह ने अपने वक्तव्य में मेरठ के अमर शहीद धन सिंह कोतवाल के अविस्मरणीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। बी.ए. की छात्राओं ने देशभक्ति गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। कु. समीक्षा (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने 'धरती सुनहरी अंबर नीला...' गीत पर मनभावन नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं एन.सी.सी. छात्राओं ने देशभक्ति गीत पर जोशीला नृत्य प्रस्तुत किया। प्रो. भारती दीक्षित ने अपने संक्षिप्त वक्तव्य में युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि वे देश के विकास में सक्रिय प्रतिभाग करें। इस दौरान बी.डी. बाजौरिया इंटर कॉलेज, सहारनपुर में एन.सी.सी. कैम्प में आयोजित टग ऑफ वार प्रतियोगिता में विजेता टीम में प्रतिभाग करने वाली महाविद्यालय की छात्रा कु. मानविका को प्राचार्य द्वारा सम्मानित किया गया।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अंजू सिंह ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि विभाजन की विभीषिका झेलकर भी भारत राष्ट्र ने विश्व में उच्च स्थान प्राप्त किया है और आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। उन्होंने सभी को राष्ट्र निर्माण के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह के अंत में स्वैच्छिक श्रमदान के तहत महाविद्यालय की एन.सी.सी. इकाई, रेंजर्स इकाई और एन.एस.एस. की दोनों इकाइयों द्वारा महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें महाविद्यालय परिवार ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। अंत में मिष्ठान्न वितरण किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here