Breaking

Your Ads Here

Saturday, August 15, 2026

वेंकटेश्वरा में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, 101 फीट ऊंचे तिरंगे का ध्वजारोहण, एक दर्जन से अधिक देशभक्ति कार्यक्रमों ने बांधा समां



नित्य संदेश ब्यूरो

गजरौला। 80वें स्वतंत्रता दिवस एवं आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय / संस्थान, मेरठ में देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य समारोह का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में 101 फीट ऊंचे विशाल तिरंगे के ध्वजारोहण के साथ प्रभात फेरी, तिरंगा रैली, सांस्कृतिक संध्या, नृत्य-संगीत और काव्य संध्या समेत एक दर्जन से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। देर शाम तक चले इस समारोह में छात्र-छात्राओं की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।


समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुंबई से पधारे मशहूर स्टेज आर्टिस्ट निखिल संघानी, प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, कुलपति प्रो. कृष्ण कांत दवे, डॉ. मधु चतुर्वेदी, प्रतिकुलपति डॉ. मानस रंजन, डॉ. नीतू पंवार, डॉ. बी.एस. त्यागी, एच.आर. हेड कुलदीप सिंह आदि ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं ध्वजारोहण करके किया। समारोह का मुख्य आकर्षण मुंबई के प्रसिद्ध कलाकार निखिल संघानी रहे, जिन्होंने एक से बढ़कर एक शानदार देशभक्ति रचनाओं की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। वहीं संस्थान के छात्र-छात्राओं ने भारतीय संस्कृति को समेटे हुए नृत्य, संगीत एवं समूह गान प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बना दिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को सर्टिफिकेट एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।



भ्रष्टाचार मुक्त अखंड भारत ही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि - सुधीर गिरि

अपने संदेश में वेंकटेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरि ने कहा कि सिर्फ सीमा पर लड़ना ही देश सेवा नहीं है। उन्होंने कहा, "सीमा पर जाकर देश के दुश्मनों से लड़ना तो चंद लोगों के ही नसीब में होता है, पर आम नागरिक भी अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में निष्ठा एवं ईमानदारी से काम करते हुए 'भ्रष्टाचार मुक्त अखंड भारत' के निर्माण में अपना योगदान दे, तो ये भी उत्कृष्ट देश सेवा होगी और अमर शहीदों के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।"

उन्होंने कहा कि हम पॉलिथीन का प्रयोग न करें, टैक्स चोरी न करें, सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न डालें, पान-बीड़ी-तंबाकू को सार्वजनिक स्थल पर न थूकें, महिला सशक्तिकरण के साथ 'स्वस्थ भारत-स्वच्छ भारत-समृद्ध भारत' के निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभाएं। प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि तिरंगे की आन-बान, शान एवं राष्ट्रवाद व देश प्रेम से बढ़कर कुछ भी नहीं है। कुलपति प्रो. कृष्ण कांत दवे ने कहा, "आइए हम सब मिलकर भ्रष्टाचार मुक्त विकसित भारत के लिए अपना-अपना योगदान दें।" कार्यक्रम को डॉ. मधु चतुर्वेदी ने भी संबोधित किया।



इस अवसर पर डॉ. बी.एस. त्यागी, एच.आर. हेड कुलदीप सिंह, रंजीत सिंह मुल्तानी, ए.पी.ओ. कृष्ण गुर्जर, डॉ. रामकुमार, एस.एस. बघेल, संजीव राय, विवेक शर्मा, राजू, सचिन, राहुल, विनीत, प्रीतपाल सिंह, डॉ. पंकज चौधरी, डॉ. राहुल शर्मा, बालाजी मल्यप्पन एवं मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शानदार संचालन डॉ. अनिकेत पंत एवं वैभव कुमार ने किया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here