नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पद्मावती उमेश चंद्र सरस्वती शिशु मंदिर में भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण समारोह अत्यंत गरिमामय, राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत एवं सांस्कृतिक वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों एवं देशभक्ति से संबंधित आकर्षक सजावट से अलंकृत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों के आगमन एवं आसन ग्रहण के साथ हुआ। समारोह की अध्यक्षता उमेश शर्मा (सेवानिवृत्त सहायक उपमहाप्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक) ने की। कार्यक्रम में एन. आर. शर्मा, सतीश चंद्र गुप्ता तथा जयप्रकाश गोयल (सेवानिवृत्त सहायक प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि अपर आयुक्त अमित (आईएएस) द्वारा ध्वजारोहण किया गया, जिसके पश्चात समवेत स्वरों में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ कार्यक्रम को औपचारिक रूप प्रदान किया गया। समारोह के अंतर्गत सरस्वती वंदना, संस्कृत गीत, अतिथि परिचय एवं स्वागत, महापुरुष दर्शन, देशभक्ति पर आधारित नृत्य, हिंदी एवं अंग्रेजी भाषण तथा कविता पाठ सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहभागियों में राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक चेतना का संचार किया।
मुख्य अतिथियों ने अपने प्रेरक उद्बोधनों में स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका तथा भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के संरक्षण पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंत में कार्यक्रम अध्यक्ष उमेश शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधक ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं उपस्थित सहभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।इस अवसर पर मीडिया हेड सोनिया त्यागी, प्रधानाचार्य भगत सिंह सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
.jpeg)

No comments:
Post a Comment