नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सैफी संघर्ष समिति (पंजीकृत) के कैंप कार्यालय रजबन बाजार, कैंट मेरठ में राष्ट्रीय अध्यक्ष हसीन अहमद सैफी की अध्यक्षता में समिति के पदाधिकारियों व कोर कमेटी की अहम बैठक हुई। बैठक में सैफी समाज के उत्थान, राजनीतिक भागीदारी, सर्वांगीण विकास, सामाजिक न्याय और राजनीतिक सशक्तीकरण को लेकर गहन चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष हसीन अहमद सैफी ने कहा कि अब समय आ गया है कि सैफी समाज अपनी राजनीतिक ताकत को पहचाने और मुख्यधारा की राजनीति में अपनी उचित भागीदारी सुनिश्चित करे। वर्षों से उत्तर प्रदेश का सैफी समाज उपेक्षा का शिकार रहा है और अब किसी भी राजनीतिक दल द्वारा समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सैफी संघर्ष समिति उसी राजनीतिक दल या गठबंधन को पूर्ण समर्थन करेगी, जो लिखित रूप से समिति के 11 सूत्रीय मांग पत्र को अपने आधिकारिक घोषणा पत्र में शामिल करेगा और सरकार बनने पर उन्हें लागू करने का सार्वजनिक वादा करेगा।
राष्ट्रीय महासचिव सलीम सैफी ने कहा कि 11 सूत्रीय मांग पत्र ही समिति का प्रथम और सर्वोपरि एजेंडा है। समिति इन मांगों को केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार के समक्ष रखने के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी प्रमुख राजनीतिक दलों से अपील करेगी कि सैफी समाज की मांगों को गंभीरता से लें। बैठक में निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में समिति प्रदेश स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाएगी और समाज के हर वर्ग को 11 सूत्रीय मांगों के प्रति जागरूक किया जाएगा। बैठक में हसीन अहमद सैफी, सलीम सैफी, नदीम सैफी, बासिद सैफी, अलीमुद्दीन सैफी, वसीम सैफी, रईस सैफी (मेतना), नदीम सैफी (जामिया), बल्लू सैफी, शावेज़ सैफी आदि मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment