नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय की छात्राओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज एवं फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स एंड फैशन डिजाइन के डीन प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा के मार्गदर्शन में बीएफए (एप्लाइड आर्ट) चतुर्थ वर्ष की छात्रा आस्था राघव एवं सिद्धि जैन ने प्रतिष्ठित नेशनल फाइनेंशियल लिटरेसी क्विज (NFLQ) 2026 के नॉर्थ रीजनल राउंड में प्रतिभाग कर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (NISM) एवं भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। प्रतियोगिता के नॉर्थ रीजनल राउंड का आयोजन स्कोप कन्वेंशन सेंटर, लोधी रोड, नई दिल्ली में हुआ, जहाँ देश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से चयनित प्रतिभागियों ने अपनी वित्तीय जागरूकता, ज्ञान एवं विश्लेषणात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
सुभारती विश्वविद्यालय की छात्राओं आस्था राघव एवं सिद्धि जैन ने इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के क्षेत्रीय चरण में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रतिभा एवं उत्कृष्टता का प्रभावशाली परिचय दिया। उनकी सहभागिता ने यह सिद्ध किया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को केवल अकादमिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि समसामयिक विषयों एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए भी निरंतर तैयार कर रहा है। छात्राओं के साथ सुश्री प्रियंका सिंह, सहायक प्रोफेसर भी उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी उनके आत्मविश्वास, ज्ञान एवं व्यक्तित्व विकास को नई दिशा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के निरंतर अवसर उपलब्ध कराता है। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में और अधिक सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स एंड फैशन डिजाइन के डीन प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि आज के समय में वित्तीय साक्षरता प्रत्येक विद्यार्थी के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता विद्यार्थियों के ज्ञान, तर्कशक्ति एवं व्यावहारिक समझ को समृद्ध करती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में भी विभिन्न राष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन करते रहेंगे। विश्वविद्यालय परिवार ने आस्था राघव एवं सिद्धि जैन को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
No comments:
Post a Comment