-सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने
मवाना और बहसूमा क्षेत्र में चलाया अभियान
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मवाना और बहसूमा क्षेत्र में बुधवार प्रातः काल स्कूली वाहनों की
सुरक्षा मानकों की जांच के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान
"मिशन सेफ फ्यूचर 2.0" के अंतर्गत चलाया गया, जिसका नेतृत्व सहायक
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन ने किया।
अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर कुल 11 वाहनों का चालान
किया गया, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 6 वाहनों को जब्त कर सीज किया गया। विभाग
के अनुसार, स्कूली वाहन का रंग पीला होना, आगे-पीछे 'स्कूल बस' या 'विद्यालय वाहन'
स्पष्ट रूप से लिखा होना, वैध पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र
और कर भुगतान अनिवार्य है। डीजल वाहनों के लिए 10 वर्ष और सीएनजी/पेट्रोल वाहनों
के लिए 15 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित है। इसके अलावा वाहन में स्पीड गवर्नर,
जीपीएस ट्रैकिंग डिवाइस और सीसीटीवी कैमरा कार्यशील स्थिति में होना चाहिए।
प्राथमिक उपचार पेटी, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास द्वार, खिड़कियों पर
क्षैतिज ग्रिल और रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य है।
अधिक बच्चे बैठाए तो होगा एक्शन
बताया कि निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने पर कार्रवाई होगी। चालक
के पास वैध लाइसेंस, पुलिस सत्यापन और स्वास्थ्य, दृष्टि व कार्डियो जांच तथा वाहन
में परिचारक का होना भी अनिवार्य है। बताया गया कि मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 अभियान 11 से
25 अगस्त तक पूरे जिले में जारी रहेगा। इस दौरान स्कूली वाहनों की सघन जांच की
जाएगी।

No comments:
Post a Comment