Breaking

Your Ads Here

Sunday, July 26, 2026

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में CCSU ने की प्रभावी सहभागिता




मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के स्टॉल का किया अवलोकन

नित्य संदेश ब्यूरो

आगरा। उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का भव्य शुभारंभ रविवार को आगरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया। योजना के माध्यम से उच्च शिक्षा से जुड़े शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

इस महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय कार्यक्रम में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ की ओर से भी विशेष स्टॉल स्थापित किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, शोध, नवाचार, तकनीकी एवं संस्थागत पहलों को प्रदर्शित किया गया। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कार्यक्रम के दौरान चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के स्टॉल का अवलोकन किया तथा विश्वविद्यालय द्वारा उच्च शिक्षा एवं समकालीन आवश्यकताओं के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। स्टॉल पर विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रोफेसर दिनेश चंद्र शर्मा,डॉ. योगेंद्र कुमार गौतम एवं डॉ. जितेंद्र गोयल उपस्थित रहे और विश्वविद्यालय की गतिविधियों एवं उपलब्धियों से संबंधित जानकारी मुख्यमंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत की। इस अवसर पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से स्थापित शटलकॉक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट तथा बैडमिंटन निर्माण इकाई की विशेष रूप से सराहना की गई। इन इकाइयों के माध्यम से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर कौशल विकास, प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भरता एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की यह पहल ‘कौशल से स्वावलंबन और स्वावलंबन से सशक्तिकरण’ की भावना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस दौरान सीसीएसयू मेरठ के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा ताप-संवेदनशील उच्च-प्रभाव लेमिनेटेड ग्लास, तापरोधी ग्लास, दीमकरोधी हरित नैनोकण तथा कंक्रीट की स्व-उपचार तकनीक का प्रदर्शन किया गया। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की सहभागिता इस दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रही कि विश्वविद्यालय प्रदेश में उच्च शिक्षा को तकनीकी नवाचार, शोध, कौशल विकास, डिजिटल पहल और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। विश्वविद्यालय की वर्तमान में NAAC A++ मान्यता प्राप्त है तथा 700 से अधिक संबद्ध महाविद्यालयों के व्यापक अकादमिक नेटवर्क के साथ कार्य कर रहा है। विश्वविद्यालय के स्टॉल के माध्यम से प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की भूमिका, उसकी अकादमिक क्षमता तथा नवाचार एवं विकासोन्मुख गतिविधियों को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री जी द्वारा स्टॉल का अवलोकन किया जाना विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा संबंधी नीतियों एवं जनकल्याणकारी पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रतिबद्ध है। ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे उच्च शिक्षा जगत से जुड़े परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार प्राप्त होगा। कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा जगत से जुड़े अधिकारी, विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि, शिक्षक एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here