नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शास्त्रीनगर स्थित पीवीएस मॉल में चल रही चर्चित फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' की स्क्रीनिंग के लिए मुंबई से प्रसिद्ध सिने अभिनेता मनीष वाधवा मेरठ पहुंचे। अरिहंत ज्वैलर्स मेरठ द्वारा प्रायोजित इस विशेष शो के लिए पूरा थियेटर बुक किया गया था। इस अवसर पर अतिथि के रूप में लोकप्रिय स्टार पोएट डॉ. अनामिका जैन अम्बर एवं क्रांति कवि सौरभ जैन सुमन भी मौजूद रहे।
फिल्म हरित क्रांति के दुष्परिणामों को करती है उजागर - मनीष वाधवा
अपने संबोधन में सिने अभिनेता मनीष वाधवा ने कहा कि "यह फिल्म हरित क्रांति के विरुद्ध एक निर्भीक सोच और उसके द्वारा हो रहे भयावह परिणामों को दर्शाती है। पेस्टिसाइड्स के कारण आज कोई भी घर सुरक्षित नहीं है। चाहे दूध ले लें, चाहे फल-सब्जी, सबकी हालत एक जैसी है।"
'यह फिल्म मनोरंजन नहीं, अस्तित्व का पर्याय है' - सौरभ जैन सुमन
क्रांति कवि सौरभ जैन सुमन ने कहा कि "यह मूवी मनोरंजन की नहीं, बल्कि हमारे अस्तित्व का पर्याय है। न्याय के युद्ध का सच्चा दर्पण है। किस तरह एक बेबस, निर्धन पिता अपनी बेटी की मृत्यु का युद्ध सरकार से लड़ता है। न्याय किस-किस चौखट पर अपना शीश रखता है, व्यवस्था पर चोट करती यह फिल्म सच्चाई को दर्शाती है। विडंबना यह है कि सिस्टम से आज भी न्याय प्राप्त करना दुष्कर है।"
'अब ऑर्गेनिक खेती की जरूरत' - अनामिका अम्बर
स्टार कवयित्री डॉ. अनामिका जैन अम्बर ने कहा कि "एक समय जब युद्ध जैसी स्थिति थी, तब खेती के लिए हरित क्रांति आवश्यक थी। रसायनों से पैदावार तो बढ़ी, किंतु आज ऑर्गेनिक खेती की जरूरत है और रसायनों पर पूर्ण प्रतिबंध अपेक्षित है।"
अरिहंत ज्वैलर्स ने किया सम्मान समारोह
कार्यक्रम के आयोजक अरिहंत ज्वैलर्स के स्वामी रितेश जैन ने थियेटर बुक कर सिने अभिनेता मनीष वाधवा का सम्मान किया। इस दौरान मनीष वाधवा ने अरिहंत ज्वैलर्स परिवार के साथ इंटरवल में केक काटकर फिल्म के सारगर्भित विषय का सेलिब्रेशन भी किया। रितेश जैन ने कहा कि "हम सभी तमाम मनोरंजक फिल्में देखने थियेटर जाते हैं, लेकिन ऐसी फिल्म देखने जनता नहीं आती जो उनके अपने जीवन और अपने अस्तित्व पर बनी हो।" उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे घरों से निकलें और थियेटर में आकर इस सार्थक फिल्म को देखें।
No comments:
Post a Comment