नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। श्याम नगर पिल्लोखड़ी पुल से चार खंबो तक जाने वाली सड़क की बदहाली को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। इस संबंध में एकता सेवा समिति (उत्तर प्रदेश) एनजीओ के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व पार्षद चौधरी अबरार अहमद के नेतृत्व में आज मंडलायुक्त, मेरठ मंडल को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि श्याम नगर पिल्लोखड़ी रोड पिछले 15 वर्षों से जर्जर हालत में पड़ा है। सड़क पर गहरे-गहरे गड्ढे हैं, हल्की बारिश में ही जलभराव हो जाता है, जिससे आये दिन हादसे होते रहते हैं और पैदल चलना भी दूभर हो गया है। समिति का आरोप है कि सैकड़ों बार क्षेत्र के पीड़ित लोगों द्वारा सभी आला अधिकारियों को लिखित में अवगत कराने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं हुई। इस क्षेत्र में लगभग 10 स्कूल, बड़ी तादाद में मस्जिद व मदरसे आते हैं, जिससे आवाजाही में बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यह सड़क वार्ड नं० 75, 76, 78, 81 के अंतर्गत आती है और कई बार पार्षदों से कहने के बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
'सड़क नहीं बनी तो एकता सेवा समिति करेगी आंदोलन'
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि अगर 15 दिन के अंदर कोई कार्यवाही नहीं की गई तो मजबूर होकर क्षेत्र के गणमान्य लोग व पीड़ित जनता और एकता सेवा समिति के कार्यकर्ता अनिश्चित काल के लिए पिल्लोखड़ी पुल पर शांतिपूर्वक धरने पर बैठेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री को भी भेजी गई है। मांग करने वालों में मुख्य रूप से महबूब राणा (एडवो०), शाकिल चौहान, फरमान सिद्दीकी (एडवो०), मैराजुद्दीन अंसारी, गौतम (एडवो०), सुभाष चन्द्र शर्मा, बाबा गोस्वामी, रियासत अली (एडवो०), आबाद मंसूरी (पूर्व पार्षद), उवेश कुमार (एडवो०), महफूज गुड्डू पूर्व पार्षद, शहजाद अब्बासी पूर्व पार्षद, बिट्टू अब्बासी, सलीम मेवाती, नौशाद सुनार, चौधरी मोबनी मुरसलीन, व शेख जमियातुल अब्बास (अब्बासी बिरादरी सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष) आदि मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment