नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन मेरठ के पर्यवेक्षण में सोमवार को भगवती गार्डन, छोटा मवाना, मेरठ में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 116 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिसमें 67 हिंदू और 49 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। कार्यक्रम में विकास खंड हस्तिनापुर के 18, खरखौदा के 7, माछरा के 21, मवाना के 16, परीक्षितगढ़ के 21, रजपुरा के 08, नगर पंचायत बहसूमा का 01, हस्तिनापुर के 04, खरखौदा का 01, किठौर के 03, मवाना के 06, परीक्षितगढ़ के 04, फलावदा के 02 और शाहजहांपुर के 04 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी और मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने उपस्थित होकर सभी नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय गृहस्थ जीवन की कामना की। दोनों अतिथियों ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को गरीब परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर 1 लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें 64,000 रुपये की धनराशि कन्या के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है, 21,000 रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री दी जाती है तथा 15,000 रुपये विवाह समारोह के आयोजन पर खर्च किए जाते हैं। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी हस्तिनापुर, खरखौदा, माछरा, मवाना, परीक्षितगढ़, रजपुरा, सहायक विकास अधिकारी (स.क.) अनिल कुमार व प्रवेश कुमार सहित समाज कल्याण विभाग के समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि अगला सामूहिक विवाह कार्यक्रम 29 जुलाई 2026 को अवतार फार्म हाउस, कुराली जानी में प्रस्तावित है। इच्छुक व पात्र व्यक्ति योजना की वेबसाइट https://cmsvy.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

No comments:
Post a Comment