नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मेरठ की प्रख्यात कवयित्री डॉक्टर (मानद) पूनम शर्मा ने अमेरिका के शिकागो शहर में भारतीय समुदाय के बीच अपनी काव्य प्रतिभा का लोहा मनवाया। शिकागो के आशियाना बैंक्वेट्स, डाउनर्स ग्रोव में यूपी एसोसिएशन ऑफ ग्रेटर शिकागो द्वारा आयोजित एक विशेष समारोह में डॉ. पूनम शर्मा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। इस समारोह में हजारों भारतीय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. पूनम शर्मा ने अपनी चर्चित रचना "राम शिला पूजन" का सस्वर पाठ किया। उन्होंने भगवान श्री राम की गरिमा और आध्यात्मिक महत्ता को अपनी कविता के माध्यम से अत्यंत मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर पूरा सभागार राममय हो गया और तालियों से गूंज उठा। इस विशेष कवि सम्मेलन में भारत के वरिष्ठ हास्य कवि अभिनव शुक्ल, तेज पारीक, अर्चना पांडे, अनूप भार्गव सहित कई प्रतिष्ठित कवियों ने भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मन मोह लिया। सभी कवियों के बीच डॉ. पूनम शर्मा की प्रस्तुति को विशेष सराहना मिली। अपनी इस उपलब्धि पर डॉ. पूनम शर्मा ने कहा कि विदेश की धरती पर अपने आराध्य भगवान श्री राम पर रचना प्रस्तुत कर वह स्वयं को अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान साकेत, मेरठ निवासी एक दंपति से भी उनकी मुलाकात हुई जो उसी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
डॉ. पूनम शर्मा ने दूरभाष पर सिंहल टाइम्स के साहित्यिक संपादक कविवर विजय प्रेमी "शब्दवंशी" को इस पूरे कार्यक्रम की जानकारी दी। किसी भारतीय कवयित्री द्वारा विदेश में भगवान श्री राम पर कविता पाठ करना निश्चित ही पूरे देश और विशेषकर मेरठ के लिए गर्व का विषय है। सिंहल टाइम्स परिवार की ओर से डॉ. पूनम शर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

No comments:
Post a Comment