नित्य संदेश ब्यूरो
हापुड़। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के तत्वावधान में 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र, प्रीत विहार, हापुड़ में एक दिवसीय विद्युत सुरक्षा एवं तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड, लखनऊ एवं प्रबंध निदेशक, पीवीवीएनएल के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य लाइनमैन एवं टीजी-2 कर्मचारियों को विद्युत सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग, उपकेन्द्र पर सुरक्षित कार्य प्रणाली और विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति जागरूक करना था।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने कर्मचारियों को उपकेन्द्र पर कार्य करते समय अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं, विद्युत उपकरणों के रख-रखाव, सुरक्षा किट के प्रयोग तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्यवाही के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान ट्रांसफार्मर की सुरक्षा, विद्युत लाइनों के रख-रखाव, उपकेन्द्र संचालन की तकनीकी बारीकियों एवं आधुनिक सुरक्षा उपकरणों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों की कार्यकुशलता और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इनसे विद्युत दुर्घटनाओं में कमी लाकर उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकती है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी कर्मचारियों को विद्युत कार्यों के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता (मुख्यालय) इं० अभिषेक श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता इं० सुशील कुमार एवं सहायक अभियंता (मीटर) सहित अन्य अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment