Breaking

Your Ads Here

Friday, July 31, 2026

सुभारती में यूएनआई मेंटर खेल महोत्सव का आगाज


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय “यूएनआई मेंटर स्पोर्ट्स फेस्ट 2026–27” उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ शुभारंभ हुआ। खेल महोत्सव का उद्देश्य विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं महाविद्यालयों के शिक्षकों के बीच शारीरिक सक्रियता, स्वस्थ जीवनशैली, आपसी समन्वय, टीमवर्क तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण को बढ़ावा देना है। उद्घाटन समारोह में शिक्षकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

 कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सरताज अहमद , डॉ. ससीराज तेवतिया तथा डॉ. प्रदीप राघव उपस्थित रहे। शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू अधिकारी ने सभी अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। स्वागत समारोह के बाद मुख्य अतिथियों ने फीता काटकर खेल महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया तथा पहली प्रतियोगिता टग ऑफ वॉर (रस्साकशी) की शुरुआत कराई। प्रतियोगिता में फैकल्टी ऑफ लॉ, सुभारती डेंटल कॉलेज, सुभारती पॉलिटेक्निक कॉलेज, पन्ना धाय माँ सुभारती नर्सिंग कॉलेज, सुभारती कॉलेज ऑफ एलाइड हेल्थ केयर, फैकल्टी ऑफ साइंस, महावीर सुभारती कॉलेज एवं हॉस्पिटल ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज, कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संस्थानों के शिक्षकों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया।

रस्साकशी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शानदार टीमवर्क, समन्वय और खेल भावना का परिचय दिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद फैकल्टी ऑफ साइंस ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पन्ना धाय माँ सुभारती नर्सिंग कॉलेज द्वितीय तथा सुभारती पॉलिटेक्निक कॉलेज तृतीय स्थान पर रहा। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे खेल आयोजन शिक्षकों के बीच सहयोग, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा किए गए उत्कृष्ट आयोजन की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय शारीरिक शिक्षा विभाग की आयोजन समिति ने किया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. मंजू अधिकारी, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. दीपक राघव, डॉ. अतुल तिवारी, डॉ. निशांत कुमार, शुभम राठी, शरद पंवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here