नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। "अरे वाह, मजा आ गया यहां आकर तो। ऐसी-ऐसी जानकारी मिली जिसका हमें पता ही नहीं था। यहां तो बार-बार आने का मन करता है।" ये उद्गार के.एल. इंटरनेशनल स्कूल, मेरठ के विद्यार्थियों ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय के शैक्षिक भ्रमण के दौरान व्यक्त किए।
आज मेरठ के प्रसिद्ध के.एल. इंटरनेशनल स्कूल के 39 विद्यार्थियों के दल ने शिक्षिका शिप्रा शर्मा, मिस रोमा और मिस हावर्ड के नेतृत्व में इतिहास विभाग का शैक्षिक भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संग्रहालय में रखी स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी दुर्लभ धरोहरों, दस्तावेजों, चित्रों और ऐतिहासिक सामग्रियों का अवलोकन किया। छात्रों ने 1857 की क्रांति में मेरठ के योगदान और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर इतिहास विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर कृष्णकांत शर्मा ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षिकाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें मेरठ के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया। कार्यक्रम में डॉ. कुलदीप कुमार त्यागी, डॉ. योगेश मोरल, डॉ. मनीषा त्यागी, प्रज्ञा पौरुष सहित इतिहास विभाग के अन्य शिक्षक और शोधार्थी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment