-संबंधित मार्ग पर चेहल्लुम का जुलूस भी सीमित समय में होगा संपन्न
सलीम सिद्दीकी
नित्य संदेश, मेरठ। चेहल्लुम के मातमी जुलूस और कांवड़ यात्रा के एक साथ चलने के कारण विवाद की कोई स्थिति पैदा न हो, इसके लिए स्थानीय प्रशासन और मुहर्रम कमेटी ने संयुक्त व्यवस्था की है। इस मामले में मुहर्रम कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल एडीएम सिटी और एसपी सिटी से मिला।
कमेटी के मीडिया प्रभारी अली हैदर रिज़वी ने प्रशासन से कहा कि चूंकि 4 अगस्त को चेहल्लुम का बड़ा मातमी जुलूस घंटाघर से
मनसबिया तक जाएगा, लिहाजा ऐसी व्यवस्था की जाए कि
मातमी जुलूस और कांवड़ यात्रा में शामिल लोगों के बीच किसी प्रकार का कोई विवाद
पैदा न हो। काफी देर मंथन के बाद सहमति बनी कि चेहल्लुम के जुलूस के दौरान कांवड़
यात्रा को केसरगंज स्थित मंदिर में आधे घंटे के लिए (शाम 5 बजे से 5:30 बजे तक) विश्राम दिया जाएगा। इस
दौरान प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर में ही कांवड़ियों की सेवा की जाएगी। इसी बीच
शाम को 5 बजे से 5:30 बजे के बीच सीमित समय में जुलूस रेलवे रोड चौराहे से
गुजर कर वक्फ मनसबिया परिसर में पहुंच जाएगा।
अली हैदर रिज़वी के अनुसार, चेहल्लुम के जुलूस जैदी फार्म एवं लोहिया नगर में भी निकल
जाते हैं, लेकिन यहां जुलूस मार्गों पर कांवड़ियों का दबाव
नहीं रहता, लिहाजा घंटाघर वाले जुलूस पर ही
प्रशासन से फोकस करने की मांग की गई है। बैठक में एडीएम सिटी बृजेश कुमार, एसपी सिटी गोपाल विनायक भोंसले, मुहर्रम कमेटी के मीडिया प्रभारी अली हैदर रिजवी, वक्फ मनसबिया के पूर्व मुतवल्ली फखरी जाफरी, मासूम असगर, हसन मुर्तजा, हैदर अब्बास रिज़वी, गजनफर अब्बास, इशारत अली, गुलज़ार हुसैन और क़मर अब्बास के
अलावा मुहर्रम कमेटी के विभिन्न पदाधिकारी, सीओ तथा विभिन्न थानों के प्रभारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment