
-जिला प्रशासन और पुलिस ने की तैयारियां
तेज, सीसीएसयू में हुई बैठक
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से
संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और वरिष्ठ पुलिस
अधीक्षक अविनाश पांडे ने संयुक्त रूप से सभी सुपर जोनल, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, विभागीय नोडल अधिकारियों एवं पुलिस-प्रशासनिक
अधिकारियों की रिहर्सल ब्रीफिंग की।
ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा जनपद मेरठ का अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। इसमें लगे सभी अधिकारी आपसी समन्वय और बेहतर संवाद के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मीट व शराब की दुकानों को बंद रखने के संबंध में दिए गए दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कांवड़ शिविरों में सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए। शिविरों के आगे डीजे स्थापित न हों, यह सुनिश्चित किया जाए। खाद्य सुरक्षा मानकों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांवड़ मार्ग पर स्थित ढाबों, होटलों और रेहड़ी-पटरी संचालकों द्वारा रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए। वन और कृषि विभाग संयुक्त रूप से कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सर्पदंश से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाएं। सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने कहा कि कांवड़ यात्रा के लिए जोन, सुपर जोन और सेक्टर स्तर पर मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों की तैनाती पूरी कर दी गई है। यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहेगा। कांवड़ मार्गों पर एआई आधारित कैमरे लगाए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर रखी जाएगी नजर
डीएम ने निर्देश दिए कि डीजे की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रहे, कोई भी कांवड़िया गलत दिशा में आवागमन न करे और
वाहनों की गति नियंत्रित रखी जाए। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता
बरती जाए। किसी भी छोटी घटना पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही सोशल
मीडिया पर निरंतर निगरानी रखी जाए ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर समय रहते रोक
लगाई जा सके।
ये अधिकारीगण रहे मौजूद
इस अवसर पर एसपी सिटी गोपाल विनायक गोखले, एसपी देहात अभिजीत कुमार, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव, एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, एडीएम सिटी बृजेश सिंह, एडीएम एफआर कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एडीएम एलए नवीन चंद्र, अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी सहित सभी जोनल, सुपर जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और संबंधित
विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment