नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। कैंट विधानसभा क्षेत्र में पिछले 10 दिनों से जारी बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने प्रबंध निदेशक (एमडी) विद्युत से भेंट की।
विधायक ने एमडी के समक्ष क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती, ओवरलोडिंग के कारण बार-बार ट्रांसफार्मरों के फुंकने और स्टाफ की कमी के चलते उपभोक्ताओं की शिकायतों के समय पर निस्तारण न हो पाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि फील्ड में तकनीकी और फील्ड स्टाफ की भारी कमी है, जिसके कारण छोटी-छोटी खराबी को ठीक करने में भी घंटों लग जाते हैं और जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विभाग में शीघ्र स्टाफ की नियुक्ति / तैनाती की मांग की।
विधायक अमित अग्रवाल ने आगामी बिजनेस प्लान में कैंट विधानसभा की बढ़ती आबादी और बिजली की मांग को देखते हुए नए विद्युत उपकेंद्र (बिजली घर) और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्वीकृत करने की भी मांग रखी, ताकि ओवरलोडिंग की समस्या को स्थायी रूप से खत्म किया जा सके।
इस पर प्रबंध निदेशक ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और विद्युत व्यवस्था में शीघ्र सुधार का आश्वासन दिया।
विधायक ने कहा कि क्षेत्रवासियों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े हर मुद्दे को वह इसी तरह मजबूती से उठाते रहेंगे।
No comments:
Post a Comment