नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित 38वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
देशभर के लगभग 200 विश्वविद्यालयों की सहभागिता वाली अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय के वुशु और तीरंदाजी के खिलाड़ियों ने पदक जीतकर नाम रोशन किया था। कुलाधिपति ने स्वर्ण पदक विजेता राहुल तोमर, गिन्नी भाटी और छवि राणा को 51-51 हजार रुपये के चेक तथा रजत पदक विजेता खुशी हुड्डा और रौनक को 41-41 हजार रुपये के चेक, प्रशस्ति पत्र और अन्य पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर कुलाधिपति ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और उत्कृष्टता की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
No comments:
Post a Comment