नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत ७० यू पी बटालियन एनसीसीमेरठ के संयुक्त तत्वाधान में एनसीसी कैडेट्स द्वारा उत्साहपूर्वक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में छायादार, फलदार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ मातृ सम्मान एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करना था।
कार्यक्रम में निदेशक विधि विभाग प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार शर्मा, डायरेक्टर प्लेसमेंट डॉ. अभिषेक डबास, डॉ. ऋषि यादव तथा लेफ्टिनेंट (डॉ.) कुलदीप कुमार ने सहभागिता करते हुए एनसीसी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया और अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं उनकी नियमित देखभाल का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार शर्मा ने कहा, "वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान हमें अपनी माँ के सम्मान के साथ-साथ प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का भी स्मरण कराता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान किया जा सकता है।" डॉ. अभिषेक डबास ने कहा, "युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। एनसीसी कैडेट्स समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनका यह प्रयास निश्चित रूप से जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।" डॉ. ऋषि यादव ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल पौधे लगाएँ ही नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प भी लें।
लेफ्टिनेंट (डॉ.) कुलदीप कुमार, एनसीसी अधिकारी ने कहा, एनसीसी का उद्देश्य केवल अनुशासित नागरिक तैयार करना ही नहीं, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी युवा तैयार करना भी है। 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान प्रत्येक कैडेट के लिए सेवा, संवेदना और प्रकृति संरक्षण का प्रेरणादायक संदेश है।" कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ पौधारोपण किया तथा सभी विद्यार्थियों और नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया। विश्वविद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। "एक पेड़ माँ के नाम" — माँ के सम्मान में एक पौधा, प्रकृति के नाम एक हरित और सुरक्षित भविष्य।

No comments:
Post a Comment