Breaking

Your Ads Here

Sunday, July 26, 2026

27वें कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, वीर सैनिकों का होगा सम्मान




राष्ट्रभक्ति और शौर्य के अद्वितीय संगम का साक्षी बनेगा सुभारती विश्वविद्यालय

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर सुभारती डिफेंस एकेडमी एवं शहीद स्मारक एवं उपवन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में 27 जुलाई 2026 (सोमवार) को कारगिल विजय दिवस सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह समारोह कारगिल के अमर शहीदों के अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ-साथ राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित वीर सैनिकों एवं विशिष्ट नागरिकों के सम्मान का अवसर बनेगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय स्थित कारगिल शहीद स्मृति उपवन में शहीदों को श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया जाएगा। इसके उपरांत प्रातः 10:00 बजे सत्यजीत रे प्रेक्षागृह में आयोजित सम्मान समारोह में कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा राष्ट्रसेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा की भावना को भी जागृत किया जाएगा।

सुभारती विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने अपने संदेश में कहा कि कारगिल के वीर सपूतों का शौर्य, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा का अमिट स्रोत है। उनका सर्वोच्च बलिदान हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निरंतर स्मरण कराता है। सुभारती विश्वविद्यालय सदैव राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सेवा के संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक विजय का स्मरण नहीं, बल्कि उन अमर वीरों के प्रति सम्पूर्ण राष्ट्र की कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है

वहीं दूसरी ओर शहिद स्मारक एवं उपवन के अध्यक्ष डॉ. रोहित रविन्द्र  ने अपने संदेश में कहा कि, कारगिल विजय दिवस भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, अटूट संकल्प और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण का गौरवपूर्ण प्रतीक है। कारगिल के रणबांकुरों ने विषम परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता का परिचय देकर भारत का मस्तक विश्व पटल पर गर्व से ऊँचा किया। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और त्याग की अमूल्य प्रेरणा है। प्रत्येक युवा को इन वीरों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेना चाहिए।

आयोजकों ने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, पूर्व सैनिकों एवं गणमान्यजनों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करने तथा उनके अद्वितीय पराक्रम और बलिदान को नमन करने की अपील की है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here